सगी बहन की शादी में क्यों नहीं पहुंचे अभिषेक शर्मा? वीडियो कॉल पर छलके आंसू; इमोशनल कर देगा ये लम्हा
Abhishek Sharma: एशिया कप 2025 में बल्ले से धमाल मचाने के बाद अभिषेक शर्मा ने बहन की हल्दी और मेहंदी जैसे फंक्शन में खूब मस्ती की। सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए, जिसमें वो डांस करते दिखे। हालांकि, जब बहन की शादी हो रही थी, तब वो उस यादगार लम्हे को अपनी आंखों से नहीं देख सके।
- खेल समाचार
- 3 min read

Abhishek Sharma Sister Wedding: टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर अभिषेक शर्मा की इकलौती बहन कोमल शादी के पवित्र बंधन में बंध गई। शुक्रवार, 3 अक्टूबर को उन्होंने लविश ओबेरॉय के साथ सात फेरे लिए। अभिषेक की बहन की शादी में देश-दुनिया के कई बड़ी हस्तियों ने शिरकत की, लेकिन खुद अभिषेक इस ग्रैंड सेलिब्रेशन का हिस्सा नहीं बन सके।
एशिया कप 2025 में बल्ले से धमाल मचाने के बाद अभिषेक शर्मा ने बहन की हल्दी और मेहंदी जैसे फंक्शन में खूब मस्ती की। सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए, जिसमें वो डांस करते दिखे। हालांकि, जब बहन की शादी हो रही थी, तब वो उस यादगार लम्हे को अपनी आंखों से नहीं देख सके। आइए जानते हैं कि इसके पीछे की वजह क्या है।
बहन की शादी में क्यों नहीं पहुंचे अभिषेक शर्मा?
अभिषेक शर्मा की बहन कोमल की शादी शुक्रवार को लुधियाना में हुई। जबकि, इसी दिन अभिषेक इंडिया-ए की तरफ से ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ मैच खेल रहे थे। टी20 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद अब उनका फोकस वनडे टीम में जगह बनाने पर है और यही वजह है कि उन्होंने कलेजे पर पत्थर रखकर बहन की शादी में नहीं जाने का फैसला किया। शुक्रवार को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले गए दूसरे अनौपचारिक वनडे में अभिषेक शर्मा इंडिया-ए की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ इस मैच में वो कुछ कमाल नहीं दिखा सके और शून्य पर पवेलियन लौट गए।
वीडियो कॉल पर इमोशनल हुईं अभिषेक की बहन
अभिषेक शर्मा ने इंस्टाग्राम पर एक दिल जीतने वाला पोस्ट शेयर किया है। शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ मैच खेलने के बाद उन्होंने वीडियो कॉल पर बहन और जीजा जी को शादी की बधाई दी। उन्होंने जो तस्वीर शेयर की है, उसमें देख सकते हैं कि अभिषेक टीम इंडिया की जर्सी में हैं। वहीं, बहन शादी के जोड़े में दिखीं। अभिषेक के चेहरे पर तो मुस्कान है, लेकिन शादी के दिन भी भाई से दूरी को बहन बर्दशात नहीं कर सकीं और इमोशनल हो गईं। उनकी आंखों में आंसू साफ तौर से नजर आ रहे हैं।
Advertisement
सोशल मीडिया पर फैंस अभिषेक शर्मा की इस कुर्बानी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। पंजाब के युवा क्रिकेटर ने बहन की शादी से ऊपर नेशनल ड्यूटी को रखकर फैंस का दिल जीत लिया। उम्मीद है कि ये त्याग और मेहनत रंग लाएगी और वो जल्द टीम इंडिया के लिए वनडे में डेब्यू करेंगे।
इसे भी पढ़ें: IND Vs WI: केएल राहुल के बाद जुरेल और जडेजा ने भी जड़ा शतक, जश्न ऐसा कि बार-बार देखने का करे मन - VIDEO