अपडेटेड 24 February 2025 at 20:37 IST

बांग्लादेश बिगाड़ देगा सबका खेल! पाकिस्तानी क्यों कर रहे BAN की जीत की दुआ? समझें सेमीफाइनल का समीकरण

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पाकिस्तान अब कितनी देर तक टिकेगी इसका फैसला अब बांग्लादेश के हाथ में हैं। समझें सेमीफाइनल का पूरा समीकरण

Follow : Google News Icon  
pakistan semifinal scenario champions trophy 2025
pakistan semifinal scenario champions trophy 2025 | Image: X

Pakistan Champions Trophy Semifinal Scenario: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में लगातार दो हार के बाद मेजबान पाकिस्तान की हालत पतली हो गई है। अब आलम ये है कि उन्हें सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए मैदान पर खेल दिखाने की नहीं बल्कि दुआ करने की नौबत आ गई है। भारत के खिलाफ मिली करारी शिकस्त के बाद रिजवान की टीम चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल की रेस से लगभग बाहर हो चुकी है। हालांकि, कुछ समीकरण अभी भी है जिसके चलते पाकिस्तान की किस्मत बदल सकती है।

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पाकिस्तान अब कितनी देर तक टिकेगी इसका फैसला अब बांग्लादेश के हाथ में हैं। फिलहाल उनका सामना न्यूजीलैंड से हो रहा है। रावलपिंडी में चल रहे इस मुकाबले में अगर न्यूजीलैंड की टीम हार जाती है तो पाकिस्तान को इससे जबरदस्त फायदा हो जाएगा। आइए विस्तार से समझते हैं कि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में पहुंचने का पूरा समीकरण क्या है।

बांग्लादेश के हाथ में पाकिस्तान की किस्मत

लगातार दो हार के बाद पाकिस्तान की किस्मत अब उनके हाथ में नहीं है। न्यूजीलैंड बनाम बांग्लादेश मैच के नतीजे से ये तय हो जाएगा कि रिजवान की अगुवाई वाली टीम सेमीफाइनल में पहुंच सकती है या नहीं। अगर आज बांग्लादेश न्यूजीलैंड को हराने में कामयाब होता है तो इससे पाक को फायदा होगा। अगर ऐसा होता है तो न्यूजीलैंड की टीम भी फंस जाएगी और उनके लिए भारत के खिलाफ मैच जीतना अहम हो जाएगा।

ग्रुप-ए की पॉइंट्स टेबल की बात करें तो लगातार दो जीत के बाद टीम इंडिया नंबर-1 पर है। वहीं न्यूजीलैंड ने पहले मैच में पाकिस्तान को हराया था इसलिए 2 अंक के साथ वो दूसरे पायदान पर हैं। अभी तक पाकिस्तान और बांग्लादेश का खाता नहीं खुला है। अगर आज बांग्लादेश की टीम जीत जाती है तो न्यूजीलैंड के दो अंक ही रहेंगे। इसके बाद पाकिस्तान के पास वापसी का मौका रहेगा। उनका अगला मैच बांग्लादेश से है। अगर रिजवान की टीम बड़े अंतर से वो मुकाबला जीत जाएगी तो उनके भी 2 अंक हो जाएंगे। 

Advertisement

इस हालात में पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के अंक बराबर हो जाएंगे और फिर नेट रनरेट के हिसाब से सेमीफाइनल का फैसला होगा। पाकिस्तान फैंस को ये भी दुआ करना होगा कि भारत अपने अगले मैच में न्यूजीलैंड को बुरी तरह हरा दे।

इस अगर-मगर के खेल में सबकुछ पाकिस्तान के हिसाब से हुआ तो मोहम्मद रिजवान एंड कंपनी सेमीफाइनल में जगह बना सकती है। हालांकि, ये आसान नहीं होगा क्योंकि न्यूजीलैंड फिलहाल अच्छे फॉर्म में है और ट्रॉफी जीतने की दावेदार है। खैर उम्मीद पर तो दुनिया कायम है, देखते हैं आगे क्या होता है।  

Advertisement

इसे भी पढ़ें: 'बेटा बाप को आंखे दिखाते हो इतने ह###खोर... ', शुभमन को आउट कर अबरार अहमद की हरकत पर भड़के फैंस ने लगाई क्लास

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 24 February 2025 at 20:37 IST