IPL डेब्यू पर धमाल मचाने के बाद विग्नेश पुथुर ने छुए नीता अंबानी के पैर, ऑटो ड्राइवर के बेटे को मिला खास तोहफा
IPL में शानदार डेब्यू के बाद मुंबई इंडियंस के स्पिनर विग्नेश पुथुर ने नीता अंबानी के पैर छुए। ड्रेसिंग रूम का वीडियो फैंस का दिल जीत रहा है।
- खेल समाचार
- 2 min read

Vignesh Puthur Touches Neeta Ambani Feet: आईपीएल 2025 के पहले मैच में भले ही मुंबई इंडियंस की शुरुआत हार से हुई, लेकिन एक खिलाड़ी ने अपने प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया। हम बात कर रहे हैं केरल के 24 वर्षीय स्पिनर विग्नेश पुथुर की, जिन्होंने IPL डेब्यू पर कमाल कर दिया। बाएं हाथ के स्पिनर ने शानदार गेंदबाजी कर कुछ देर के लिए चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस की धड़कनें बढ़ा दी थी।
CSK के खिलाफ मैच में विग्नेश पुथुर बतौर इम्पैक्ट खिलाड़ी मैदान पर उतरे। उन्हें मुंबई इंडियंस की टीम मैनेजमेंट ने रोहित शर्मा की जगह मौका दिया। विग्नेश ने पहले ओवर से ही धमाल मचाना शुरू किया और खतरनाक अंदाज में खेल रहे ऋतुराज गायकवाड़ को पवेलियन की राह दिखाई। सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसमें देख सकते हैं कि विग्नेश पुथुर मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी के पैर छू रहे हैं।
विग्नेश पुथुर ने छुए नीता अंबानी के पैर
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच के बाद मुंबई इंडियंस ने एक वीडियो शेयर किया जिसमें देख सकते हैं कि फ्रेंचाइजी की मालकिन नीता अंबानी युवा स्पिनर विग्नेश पुथुर की जमकर तारीफ कर रही हैं। ड्रेसिंग रूम में नीता अंबानी ने कहा कि बेस्ट बॉलर का अवॉर्ड विग्नेश को मिलेगा, जिन्होंने अपने आईपीएल डेब्यू पर शानदार प्रदर्शन किया। इसके बाद MI के सभी खिलाड़ी विग्नेश पुथुर के लिए तालियां बजाते दिखे।
नीता अंबानी ने विग्नेश पुथुर को अपने पास बुलाया और कहा कि आपको आज के मैच का बेस्ट बॉलर का अवॉर्ड मिलता है। युवा खिलाड़ी ये सुनकर बेहद खुश दिखे। इसके बाद जैसे ही मुंबई इंडियंस की मालकिन ने विग्नेश को बैज पहनाया, ऑटो ड्राइवर के बेटे ने उनके पैर छुए। ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।
Advertisement
ऑटो ड्राइवर के बेटे हैं विग्नेश पुथुर
बता दें कि विग्नेश पुथुर केरल के रहने वाले हैं और आईपीएल में डेब्यू करने से पहले तक उन्होंने सीनियर स्तर पर एक भी मैच नहीं खेला था। विग्नेश के पिता ऑटो रिक्शा चलाते हैं। आईपीएल 2025 में युवा स्पिनर ने जिस अंदाज में शुरुआत की है, उसको देखते हुए लगता है कि आगे चलकर वो ना सिर्फ मुंबई इंडियंस के लिए, बल्कि भारत के लिए नाम कमा सकते हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हुए मैच में बाएं हाथ के मिस्ट्री स्पिनर ने अपने 4 ओवर के स्पेल में 32 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
इसे भी पढ़ें: ऋषभ पंत की टीम को तगड़ा झटका, स्टार खिलाड़ी के साथ कमरे में ऐसा क्या हुआ? मंडराया IPL 2025 से बाहर होने का खतरा!