BREAKING: भारतीय क्रिकेट टीम के लिए दिल्ली में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
विश्व विजेता भारतीय क्रिकेट टीम गुरुवार सुबह दिल्ली पहुंच रही है, जहां वो PM मोदी से मुलाकात करेगी। ऐसे में दिल्ली में कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
- खेल समाचार
- 2 min read

T20 World Cup विजेता भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) के गुरुवार को दिल्ली पहुंचने पर उनके स्वागत के लिए क्रिकेट प्रशंसकों की भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने हवाई अड्डे और उस होटल में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है जहां टीम मुंबई रवाना होने से पहले ठहरेगी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हवाई अड्डे से लेकर आईटीसी मौर्य होटल तक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस ने टीम के लिए हवाई अड्डे से सशस्त्र पुलिसकर्मियों के साथ एस्कॉर्ट वाहन उपलब्ध कराने की योजना बनाई है। भारतीय टीम विशेष विमान से गुरुवार की सुबह लगभग छह बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए हवाई अड्डे से होटल तक के रास्ते पर भी पर्याप्त पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। होटल के आसपास और केंद्रीय दिल्ली के मार्गो पर अर्धसैनिक बलों की कम से कम दो कंपनियां तैनात की गई हैं।
भारतीय टीम सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात करेगी। टीम के लगभग चार बजे मुंबई रवाना होने की संभावना है। मुंबई में टीम खुली बस में रोड शो में भाग लेगी और उसके बाद वानखेड़े स्टेडियम में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।