अपडेटेड 28 June 2024 at 21:10 IST

World Cup खिताब के सूखे को खत्म करने के लिए टीम इंडिया को क्या करना होगा? सौरव गांगुली ने बताया

भारतीय क्रिकेट टीम अब T20 World Cup खिताब से सिर्फ एक कदम दूर है। World Cup खिताब के सूखे को खत्म करने के लिए भारत को क्या करना होगा? सौरव गांगुली ने बताया है।

Follow : Google News Icon  
Sourav ganguly
पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली | Image: PTI-File

T20 World Cup 2024: पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) ने साउथ अफ्रीका (South Africa) के खिलाफ T20 विश्व कप के फाइनल में भारतीय टीम को बेखौफ खेलकर 11 साल के खिताबी सूखे को खत्म करने की सलाह दी है। 

गांगुली ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि टीम को इस मुकाम तक लाने में रोहित शर्मा की कप्तानी का अहम योगदान रहा है। भारतीय टीम बारबाडोस के ब्रिजटाउन में खेले जाने वाले खिताबी मैच में जीत की दावेदार है। टीम के लिए 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी के बाद वैश्विक खिताबी सूखे को खत्म करना चाहेगी।

रोहित की कप्तानी पर बोले गांगुली

गांगुली ने कोलकाता में एक कार्यक्रम में कहा- 

Advertisement

मैं रोहित शर्मा के लिए बहुत खुश हूं। यही जीवन का चक्र है कि जो छह महीने पहले वह मुंबई इंडियंस का कप्तान भी नहीं थे अब उसकी अगुवाई में भारत विश्व कप के फाइनल में खेलेगा।

गांगुली ने किया बड़ा खुलासा

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पूर्व अध्यक्ष गांगुली ने खुलासा किया कि विराट कोहली के कप्तानी छोड़ने के बाद रोहित इस जिम्मेदारी को निभाने के लिए तैयार नहीं थे। उन्होंने कहा-

Advertisement

रोहित दो विश्व कप फाइनल खेले हैं। यहां अब तक टीम का अभियान अजेय रहा है। यह उनकी नेतृत्व के गुणों को दर्शाता है। मुझे उनकी सफलता पर आश्चर्य नहीं है क्योंकि वह तब कप्तान बने जब मैं बीसीसीआई अध्यक्ष था। उस समय विराट कोहली कप्तानी नहीं करना चाहते थे। उन्हें कप्तान की जिम्मेदारी लेने के लिए मनाने में बहुत समय लगा क्योंकि वह इसके लिए तैयार नहीं थे। उन्हें कप्तान बनाने में हम सभी को बहुत मेहनत करनी पड़ी और मैं उनके नेतृत्व में भारतीय क्रिकेट की प्रगति को देखकर बहुत खुश हूं।

गांगुली ने कहा कई बार IPL खिताब जीतना बहुत ज्यादा चुनौतीपूर्ण होता है, क्योंकि यह टूर्नामेंट काफी लंबा चलता है। गांगुल ने कहा- 

रोहित के नाम 5 IPL खिताब जीतने का रिकॉर्ड है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। आईपीएल जीतना कभी-कभी अधिक कठिन होता है। मुझे गलत मत समझिए, मैं यह नहीं कह रहा हूं कि आईपीएल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बेहतर है। आपको IPL जीतने के लिए 16-17 (12-13) मैच जीतने होते हैं। यहां आपको विश्व कप जीतने के लिए 8-9 मैच जीतने होंगे। विश्व कप जीतने पर अधिक सम्मान मिलता है और मुझे उम्मीद है कि रोहित कल ऐसा करेंगे।

मुझे नहीं लगता कि वो हारेंगे

गांगुली ने कहा- 

मुझे नहीं लगता कि वह सात महीने के अंदर विश्व कप के दो फाइनल हारेंगे। अगर वह सात महीने में अपनी कप्तानी में दो फाइनल हार जाते हैं तो वह शायद बारबाडोस महासागर में कूद जाएंगे। उन्होंने आगे बढ़कर नेतृत्व किया, शानदार बल्लेबाजी की और मुझे उम्मीद है कि यह कल भी जारी रहेगा। आशा है कि भारत खिताब के साथ अभियान खत्म करेगा। टीम को बेखौफ होकर खेलना चाहिए। 

साउथ अफ्रीका के लिए कही बड़ी बात

गांगुली ने इस मौके पर कहा कि विश्व कप के फाइनल में पहली बार पहुंचना दक्षिण अफ्रीका के लिए बड़ा मौका है। उन्होंने कहा- 

ये दक्षिण अफ़्रीकी क्रिकेट के लिए बहुत बड़ा क्षण है। एक ऐसी टीम की कल्पना करें जो 1992 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापस आई और उसे विश्व कप फाइनल खेलने में 32 साल लग गए, इसलिए यह दोनों टीमों के लिए एक बड़ा मौका होने वाला है।

कोहली को जताई उम्मीद

स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इस विश्व कप में सलामी बल्लेबाज के तौर प्रभावी प्रदर्शन नहीं किया है, लेकिन गांगुली की मानना है कि उन्हें यह जारी रखना चाहिए। उन्होंने कहा- 

कोहली को पारी का आगाज करना जारी रखनी चाहिए। उन्होंने सात महीने पहले ही विश्व कप में 700 रन बनाए थे। वह इंसान हैं, कभी-कभी असफल भी होगा। आपको इसे स्वीकार करना होगा। कोहली, (सचिन) तेंदुलकर, (राहुल) द्रविड़ जैसे लोग भारतीय क्रिकेट के लिए संस्थान हैं। तीन-चार मैच उन्हें कमजोर खिलाड़ी नहीं बनाते। कल फाइनल में वह कमाल कर सकते हैं।

वॉन को दिखाया आईना

गांगुली ने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन के उस बयान को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने ICC पर स्पिनरों की मददगार पिच तैयार कर भारतीय टीम का समर्थन करने का आरोप लगाया था। वॉन ने यह भी कहा था कि भारतीय दर्शकों को ध्यान में रख कर मैचों को सुबह खेला जा रहे जिससे भारतीय टीम को ज्यादा फायदा हो रहा। गांगुली ने इसके जवाब में कहा- 

माइकल वॉन मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं। मुझे नहीं पता कि आईसीसी शाम को आठ बजे प्रसारण रखकर भारत को क्रिकेट मैच जीतने में कैसे मदद करता है। मैं नहीं जानता कि प्रसारण आपको क्रिकेट मैच कैसे जीता जा सकता है। आपको मैदान पर खेलना और जीतना होता है।गुयाना (इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच का स्थल) से पहले भी इस टीम ने हर स्थल और पूरी दुनिया भर के मैदानों पर जीत दर्ज की है।

बता दें कि ये तीसरी बार है जब भारत T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचा है। इससे पहले दो में से एक बार उसने फाइनल जीता था। 2007 में भारत पहले T20 वर्ल्ड कप का चैंपियन बना था। 

ये भी पढ़ें- Delhi Rain: दिल्ली की बारिश इस क्रिकेटर के लिए भी बनी आफत, फ्लाइट हुई मिस तो निकाली भड़ास

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : DINESH BEDI

पब्लिश्ड 28 June 2024 at 21:10 IST