अपडेटेड 11 June 2024 at 06:52 IST
BAN vs SA: जीत रहा था बांग्लादेश, फिर आए महाराज और किया चमत्कार! वर्ल्ड कप में पहली बार हुआ ये कमाल
BAN vs SA T20 World Cup: आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मैच में साउथ अफ्रीका ने बाजी मारी और बांग्लादेश को 4 रन से हरा दिया।
- खेल समाचार
- 3 min read

Bangladesh vs South Africa T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2024 के 21वें मैच में साउथ अफ्रीका का सामना बांग्लादेश से हुआ। न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में एक और लो स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिला। आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मैच में साउथ अफ्रीका ने बाजी मारी और उन्होंने बांग्लादेश को 4 रन से हरा दिया। इसके साथ ही बांग्लादेश का साउथ अफ्रीका को टी20 में हराने का सपना टूट गया। साउथ अफ्रीका की इस जीत में ऑलराउंडर केशव महाराज का अहम योगदान रहा।
स्लो पिच पर साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी कर सिर्फ 113 रनों का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेशी टीम एक समय मैच को अच्छे से कंट्रोल कर रही थी लेकिन आखिरी ओवरों में उन्होंने भी वही गलती की जो इसी मैदान पर भारत के खिलाफ पाकिस्तान ने की थी। अंतिम ओवर में उन्हें जीत के लिए 11 रन की दरकार थी, लेकिन साउथ अफ्रीकी स्पिनर केशव महाराज ने शानदार गेंदबाजी कर अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई।
आखिरी ओवर में महाराज का कमाल
साउथ अफ्रीकी कप्तान एडन मार्करम ने आखिरी ओवर में बड़ा दांव खेला। उन्होंने गेंद बाएं हाथ के स्पिनर केशव महाराज को थमाई। पिछली 11 बॉल से बाउंड्री नहीं आई थी इसलिए दबाव बांग्लादेश पर भी था। क्रीज पर अनुभवी बल्लेबाज महमूदुल्लाह थे इसलिए बांग्ला टाइगर्स का पलड़ा भारी लग रहा था। पहली बॉल वाइड रही और फिर दो गेंद पर तीन रन बने। अब चार गेंदों पर 7 रन की जरूरत थी।
महमूदुल्लाह हुए आउट
Advertisement
5वीं गेंद पर महमूदुल्लाह ने लॉन्ग ऑन की दिशा में हवाई शॉट खेला। एक पल के लिए लगा कि गेंद बाउंड्री रोप के बाहर चली जाएगी, लेकिन रस्सी के एक इंच पहले साउथ अफ्रीकी कप्तान मार्करम ने शानदार कैच लेकर मैच का रुख मोड़ दिया। अब एक गेंद पर 6 रन चाहिए थे और महाराज की फुल टॉस बॉल पर बांग्लादेशी बल्लेबाज सिर्फ सिंगल ले सके और साउथ अफ्रीका ने ये मुकाबला 4 रन से जीत लिया।
साउथ अफ्रीका ने रचा इतिहास
Advertisement
बांग्लादेश के खिलाफ साउथ अफ्रीका की ये जीत ऐतिहासिक है। टी20 वर्ल्ड कप में इससे पहले कभी भी इतना कम स्कोर डिफेंड नहीं हुआ था। इससे पहले 2014 में श्रीलंका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 120 रन डिफेंड किए थे।
टी20 विश्व कप में सबसे कम लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव
114 साउथ अफ्रीका बनाम बांग्लादेश न्यूयॉर्क 2024
120 श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड चैटोग्राम 2014
120 भारत बनाम पाक न्यूयॉर्क 2024
124 अफगानिस्तान बनाम वेस्टइंडीज नागपुर 2016
127 न्यूजीलैंड बनाम भारत नागपुर 2016
साउथ अफ्रीका की लगातार तीसरी जीत
टी20 वर्ल्ड कप 2024 में ये साउथ अफ्रीका की लगातार तीसरी जीत है। बांग्लादेश से पहले उन्होंने नीदरलैंड और श्रीलंका को हराया था। ग्रुप-डी में प्रोटियाज की टीम 6 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल के शिखर पर है और सुपर-8 में उनका जाना कन्फर्म है।
इसे भी पढ़ें: 'भारत को अगर T20 World Cup कप जीतना है तो…', पूर्व भारतीय कप्तान कुंबले ने कह दी बड़ी बात
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 11 June 2024 at 06:52 IST