1.5 करोड़... ये किसी बंग्ले की नहीं, भारत-पाक मैच के एक टिकट की कीमत है, कालाबजारी की सारी हदें पार
इस बार टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाक मुकाबले से पहले कालाबजारी की सारी हदें टूट गईं। न्यूयॉर्क में भारत-पाकिस्तान मैच की एक सीट की कीमत सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे।
- खेल समाचार
- 2 min read

IND vs PAK, T20 World Cup: भारत पाकिस्तान का मुकाबला हमेशा से फैंस के लिए बेहद खास रहा है। इस मुकाबले को देखकर ऐसा लगता है मैच दो देश के खिलाड़ी नहीं बल्कि दो देश खेल रहें हैं।
इस मुकाबले को फैंस क्रिकेट स्टेडियम में देखने के लिए बेहद परेशान रहते हैं। लेकिन इस बार टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले कालाबजारी की सारी हदें टूट गई हैं। न्यूयॉर्क में भारत और पाकिस्तान मैच की एक सीट की कीमत सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे।
एक सीट की कीमत 1 करोड़ से ज्यादा
वर्ल्ड कप में नौ जून को भारत और पाकिस्तान का मैच होना है। ये मैच नसाउ इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है जिसमें दर्शकों के बैठने की क्षमता तकरीबन 34,000 है। इस स्टेडियम में एक सीट है। ये सीट है नासाउ काउंटी इंटरनेशनल स्टेडियम के सेक्शन 252 की रो-20 की सीट नंबर 30। आप सोच रहे होंगे सिर्फ इस सीट की बात ही क्यों? वो इसलिए क्योंकि इस सीट की कीमत 174,400 अमेरिकी डॉलर यानी तकरीबन 1.46 करोड़ रुपये है।
क्या कहता है अमेरिका का कानून?
आम तौर पर इतने महंगे बंगले, कोठी होती हैं लेकिन भारत और पाकिस्तान मैच का जुनून है कि एक सीट की कीमत करोड़ों में पहुंच गई है। ये कीमत हालांकि आईसीसी की तरफ से नहीं है। दरअसल, Stubhub पप टिकटों को रिसेल किया जाता है और अमेरिका में ये पूरी तरह से कानूनी है। यहां इस सीट की कीमत 1.46 करोड़ रुपये है।
Advertisement
ऐसा नहीं है कि जो इसे खरीदेगा उसे इतनी ही कीमत चुकानी पड़ेगी। इस सीट को लेकर मोलभाव भी किया जा सकता है लेकिन फिर भी इतनी कीमत रखना वो भी एक सीट के लिए, वाकई हैरान करने वाला है।
हर मैच के हिसाब से बिकती है टिकट
हर मैच के हिसाब से टिकटों की डिमांड और कीमत अलग-अलग होती है। उसी मैदान पर शनिवार को होने वाले नीदरलैंड्स-दक्षिण अफ्रीका मैच के लिए आईसीसी वेबसाइट पर प्रीमियम सीटों के लिए 120 डॉलर और प्रीमियम क्लब लाउंज के लिए 700 डॉलर तक में टिकट मिल रहे थे।
Advertisement
ऐसे भी हो रही कालाबजारी
भारत-पाकिस्तान के मुकाबले की धूम और टिकटों का बिकना मार्च-अप्रैल से ही शुरु हो गया था। आईसीसी ने बताया था कि भारत और पाकिस्तान मैच के टिकटों की मांग 200 गुना है। उस समय जिन लोगों ने टिकट खरीद लिए थे वो अब इन टिकटों को दोबारा बेच रहे हैं और भारी मुनाफा कमा रहे हैं।