अपडेटेड 28 July 2024 at 11:36 IST
IND vs SL T20: कप्तान बनकर और खतरनाक हुए सूर्या, तूफानी पारी खेल बना दिए 2 धांसू रिकॉर्ड
IND vs SL, Suryakumar Yadav: कप्तान बनते ही सूर्या और खतरनाक हो गए हों। सूर्यकुमार यादव ने महज 26 गेंदों में श्रीलंकन गेंदबाजों की लंका लगा दी।
- खेल समाचार
- 3 min read

IND vs SL 1st T20, Suryakumar Yadav: श्रीलंका के खिलाफ खेले गए पहले टी20 मैच को भारत ने 43 रनों से जीत लिया। इस फॉर्मेट में टीम इंडिया के नए कप्तान बने सूर्यकुमार यादव ने एक बार फिर अपनी बैटिंग की चमक से करोड़ों भारतीय फैंस का दिल गदगद कर दिया। ऐसा लगा मानो कप्तान बनते ही सूर्या और खतरनाक हो गए हों। नंबर-3 पर बैटिंग करने उतरे सूर्यकुमार यादव ने महज 26 गेंदों में श्रीलंकन गेंदबाजों की लंका लगा दी। इस ताबड़तोड़ पारी के बाद उन्होंने अपने नाम दो धांसू रिकॉर्ड भी कर लिया।
पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया के दो युवा ओपनर शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल ने जल्द ही उनके इस निर्णय को गलत साबित करते हुए रनों की बारिश कर दी। शुभमन ने 16 गेंदों पर 34 और यशस्वी ने 21 गेंदों पर 40 रनों की पारी खेली। जब दोनों आउट हुए तो श्रीलंकाई गेंदबाजों को लगा होगा कि अब पिटाई थोड़ी कम होगी, लेकिन फिर सूर्या ने एंट्री मारी और उनके इस मंसूबे पर पानी फेर दिया।
श्रीलंका में सूर्या का जलवा
सूर्यकुमार यादव ने आते ही अपने इरादे साफ कर दिए। कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने के बाद भी उनकी बैटिंग स्टाइल में कोई बदलाव नहीं आया और उन्होंने 5वीं गियर में बल्लेबाजी कर रन गति को और तेज कर दिया। दाएं हाथ के स्टार बल्लेबाज ने महज 26 गेंदों का सामना करते हुए 58 रन बना दिए। इस दौरान भारतीय कप्तान ने 8 चौके और 2 छक्के जड़े।
सूर्यकुमार ने की कोहली की बराबरी
श्रीलंका के खिलाफ पहले टी20 मैच में 58 रनों की धमाकेदार पारी खेलने के बाद सूर्यकुमार यादव को 'मैन ऑफ द मैच' अवॉर्ड दिया गया। इसके साथ ही उन्होंने टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की बराबरी कर ली। सूर्या और कोहली के नाम अब अंतरराष्ट्रीय टी20 मैचों में सबसे ज्यादा बार 'मैन ऑफ द मैच' जीतने का रिकॉर्ड है। कोहली ने 125 मैचों में 16 बार ये पुरस्कार जीता है जबकि सूर्या ने 69 मुकाबलों में ही उनकी बराबरी कर ली।
Advertisement
T20I में सर्वाधिक मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी
16 - सूर्यकुमार यादव (69 मैच)
16 - विराट कोहली (125 मैच)
15 - सिकंदर रजा (91 मैच)
14- मोहम्मद नबी (129 मैच)
14 - रोहित शर्मा (159 मैच)
14 - वीरनदीप सिंह (78 मैच)
Advertisement
T20I करियर की दूसरी सबसे तेज फिफ्टी
श्रीलंका के खिलाफ पहले टी20 मैच में सूर्यकुमार यादव ने 22 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। ये उनके अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर की दूसरी सबसे तेज फिफ्टी रही। सूर्या ने 2022 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 18 गेंदों में फिफ्टी जड़ी थी जो उनका फास्टेस्ट T20I अर्धशतक है।
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 28 July 2024 at 11:36 IST