अपडेटेड 28 July 2024 at 08:58 IST

फंसा गया था मैच... सूर्या ने चली ऐसी चाल, महज 8 गेंदों में पलटी बाजी और ये खिलाड़ी बना बाजीगर

IND vs SL: सूर्या की टीम ने स्कोरबोर्ड पर 213 रनों का पहाड़ खड़ा किया। इसके बाद श्रीलंकन बल्लेबाजों ने भी दम दिखाया और एक समय पर मैच में आगे चल रहे थे।

Follow : Google News Icon  
india vs sri lanka 1st t20
भारत ने श्रीलंका को 43 रन से हराया | Image: BCCI

IND vs SL 1st T20: टीम इंडिया के नए हेड कोच गौतम गंभीर ने जीत के साथ अपने इस सफर की शुरुआत की है। शनिवार को भारत ने श्रीलंका को पहले टी20 में 43 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की। पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में श्रीलंकाई कप्तान ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया।

सूर्या की टीम ने स्कोरबोर्ड पर 213 रनों का पहाड़ खड़ा किया। इसके बाद श्रीलंकन बल्लेबाजों ने भी दम दिखाया और एक समय पर मैच में आगे चल रहे थे। हालांकि, इसके बाद टी20 के नए कप्तान सूर्यकुमार यादव ने दो बड़े फैसले लिए और अपनी चाल से श्रीलंका का काम तमाम कर दिया।

सूर्या की चाल से श्रीलंका का काम-तमाम!

पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया के दोनों ओपनर्स शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल ने शानदार बल्लेबाजी की। दोनों ने 74 रनों की विस्फोटक पार्ट्नर्शिप की। इसके बाद गिल और जायसवाल आउट हो गए, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला और श्रीलंकाई गेंदबाजों की लंका लगा दी। सूर्या ने 26 गेंदों पर 58 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। भारत ने 20 ओवर में 213 रन बनाए।

इसके जवाब में श्रीलंका के ओपनर पथुम निसांका ने शानदार बैटिंग करते हुए अपनी टीम को मैच में बनाए रखा। श्रीलंका ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 14 ओवर में 140 रन बना लिए थे। ऐसा लगा कि ये मुकाबला भारत के हाथ से फिसल गया है। इसके बाद सूर्या ने अपना पहला पत्ता खोला।

Advertisement

अक्षर पटेल ने एक ओवर में झटके 2 विकेट

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 15वें ओवर में गेंद अक्षर पटेल को थमाई। बाएं हाथ के स्पिनर ने पहली गेंद पर ही शानदार अंदाज में खेल रहे निसांका को क्लीन बोल्ड कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। इसके बाद इसी ओवर की आखिरी गेंद पर खतरनाक बल्लेबाज कुसल परेरा को भी चलता कर श्रीलंका को झटका दिया।

रियान पराग बने बाजीगर

Advertisement

श्रीलंका के खिलाफ पहले टी20 में युवा भारतीय खिलाड़ी रियान पराग बल्ले से तो कुछ खास कमाल नहीं किया, लेकिन अपनी फिरकी से उन्होंने मैच का रंग रूप बदल दिया। रियान ने महज 8 गेंदों में 3 विकेट लेकर सनसनी मचा दी। जब 17वें ओवर में कप्तान सूर्यकुमार ने गेंद रियान पराग के हाथ में सौंपी तो कई फैंस हैरान हुए। पार्ट टाइम ऑफ स्पिनर ने इस ओवर में विकेट लेकर श्रीलंका को मैच से बाहर कर दिया। फिर 19वें ओवर की पहली दो गेंदों पर लगातार विकेट लेकर रियान ने बता दिया कि उनकी गेंदबाजी को हल्के में नहीं लिया जा सकता है।

इसे भी पढ़ें: हॉकी में मिली जीत, मनु भाकर का धाकड़ निशाना, 10 पॉइंट्स में जानें पहले दिन कैसा रहा भारत का प्रदर्शन

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 28 July 2024 at 08:58 IST