अपडेटेड 25 July 2024 at 19:21 IST
IND vs SL: श्रीलंका को झटके पे झटका, भारत के खिलाफ T20 सीरीज से पहले दो बड़े खिलाड़ियों का छूटा साथ
भारत के खिलाफ 3 मैचों की T20 सीरीज से पहले श्रीलंका को झटके पे झटका लग रहा है। एक के बाद एक दो बड़े खिलाड़ी सीरीज से बाहर हो गए हैं।
- खेल समाचार
- 3 min read

IND vs SL: अमेरिका (USA) और वेस्टइंडीज (West Indies) में हुए 2024 T20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2024) में शर्मनाक प्रदर्शन के बाद श्रीलंका की दुनियाभर में काफी थू-थू हुई है। 1 वनडे वर्ल्ड कप और 1 T20 वर्ल्ड कप जीत चुकी श्रीलंकाई क्रिकेट टीम (Sri Lanka Cricket Team) ने पिछले कुछ समय में अपने स्तर से बहुत खराब खेल दिखाया है।
टीम में एक से बढ़कर एक खिलाड़ी मौजूद हैं, लेकिन टीम इंटरनेशनल लेवल पर लगातार फ्लॉप हो रही है। श्रीलंका ने 2022 में एशिया कप जीता था, लेकिन इसके बाद से टीम ने लगातार निराशाजनक प्रदर्शन किया है। T20 वर्ल्ड कप के बाद अब एक बार श्रीलंकाई टीम नई शुरुआत की उम्मीद कर रही है, लेकिन उसका पहला पड़ाव ही बहुत मुश्किल है। दरअसल उसके सामने मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन भारत की चुनौती है। श्रीलंका भारत के खिलाफ T20 सीरीज खेलने वाला है, लेकिन उसकी मुसीबतें बढ़ती जा रही हैं। भारत के खिलाफ सीरीज से पहले श्रीलंका को झटके पे झटका लग रहा है।
दो खिलाड़ी हुए बाहर
दरअसल भारत (India) के खिलाफ इस महत्वपूर्ण T20 सीरीज (T20 Series) से पहले दो बड़े खिलाड़ी श्रीलंकाई टीम (Sri Lankan Team) से बाहर हो गए हैं। पहले दुष्मंता चमीरा और अब नुवान तुषारा को लेकर जानकारी आई है कि वो भारत के खिलाफ ये सीरीज नहीं खेलेंगे। श्रीलंका क्रिकेट ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर इसकी पुष्टि की। श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड ने कहा-
Advertisement
नुवान तुषारा T20 सीरीज में हिस्सा नहीं लेंगे, क्योंकि कल रात प्रैक्टिस के दौरान फील्डिंग करते समय उनके बाएं अंगूठे में चोट लग गई थी। मेडिकल रिपोर्ट में उनके बाएं अंगूठे में फ्रैक्चर आया है। नुवान तुषारा की जगह पर दिलशान मदुशंका को टीम में शामिल किया गया है।
बता दें कि नुवान तुषारा श्रीलंका के स्टार तेज गेंदबाज हैं, जिनका हालिया T20 वर्ल्ड कप में भी जबरदस्त प्रदर्शन रहा था। तुषारा से पहले श्रीलंका के एक और अनुभवी तेज गेंदबाज दुष्मंता चमीरा भी बीमार होने के कारण सीरीज से बाहर हो गए थे।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के मुताबिक दुष्मंता चमीरा अभी भी ब्रोंकाइटिस और पेट के इंफेक्शन से उबर रहे हैं और इसलिए वो भारत के खिलाफ T20 सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। चमीरा की जगह असिथा फर्नांडो को टीम में शामिल किया गया है। इसमें कोई दोराय नहीं है कि श्रीलंका को तुषारा और चमीरा की कमी खलेगी, क्योंकि दोनों ही चोटी के तेज गेंदबाज हैं, लेकिन उनके रिप्लेसमेंट कितना प्रभाव डाल पाते हैं, ये देखना होगा।
Advertisement
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 25 July 2024 at 19:21 IST