अपडेटेड 8 March 2025 at 19:43 IST

रोहित शर्मा लेंगे ODI से संन्यास? फाइनल से पहले गंभीर के साथ लंबी बातचीत, शुभमन ने दिया बड़ा अपडेट

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल मैच से पहले टीम इंडिया के उपकप्तान शुभमन गिल ने रोहित शर्मा के रिटायरमेंट से जुड़े सवाल का जवाब दिया।

Follow : Google News Icon  
Shubman gill gives big update on rohit sharma retirement ahead of ind vs nz champions trophy final
रोहित शर्मा लेंगे संन्यास? शुभमन गिल ने दिया बड़ा अपडेट | Image: PTI

Rohit Sharma Retirement News: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल मैच देखने के लिए भारतीय फैंस उत्साहित हैं, लेकिन इस बीच उन्हें ये भी टेंशन सता रही है कि कहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले मुकाबले के बाद टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ODI से संन्यास लेने का ऐलान ना कर दें। कई मीडिया रिपोर्ट्स में ये दावा किया जा रहा है कि चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल के बाद हिटमैन रिटायरमेंट की घोषणा कर सकते हैं और चयनकर्ताओं ने इस बारे में उनसे पहले ही बातचीत कर ली है। इन अफवाहों के बीच रोहित के ओपनिंग पार्टनर और भारतीय टीम के उपकप्तान शुभमन गिल ने बड़ी जानकारी दी है।

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल मैच से पहले टीम इंडिया के उपकप्तान शुभमन गिल प्रेस कॉन्फ्रेंस करने आए और उन्होंने रोहित शर्मा के रिटायरमेंट से जुड़े सवाल का जवाब भी दिया। इसके अलावा उन्होंने टीम की तैयारी और पिच के बारे में अहम जानकारी दी।

रोहित शर्मा लेंगे संन्यास?

न्यूजीलैंड के खिलाफ महामुकाबले से एक दिन पहले शुभमन गिल ने कहा कि अपने दूसरे आईसीसी फाइनल के लिए बहुत उत्साहित हूं। उन्होंने भारतीय फैंस की उम्मीद को पंख लगाते हुए कहा कि 2023 वर्ल्ड कप के फाइनल में जो हम नहीं कर पाए थे, उसे इस बार करने की पूरी कोशिश करेंगे। इस दौरान जब उनसे रोहित शर्मा के रिटायरमेंट को लेकर पूछा गया तो गिल ने कहा

''रोहित भाई ने ड्रेसिंग रूम में या मेरे साथ इस बारे में कोई चर्चा नहीं की है। रोहित भाई भी हम सभी की तरह चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल के बारे में सोच रहे होंगे। इसलिए, अभी तक इस बारे में कोई बातचीत नहीं हुई है।''

Advertisement

रोहित-गंभीर की लंबी बातचीत

न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मैच से एक दिन पहले रोहित शर्मा टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर से लंबी बातचीत करते दिखे। दोनों के बीच किसी विषय पर गंभीर बातचीत हुई। इसके बाद फैंस ये कयास लगा रहे हैं कि कहीं हिटमैन अपने रिटायरमेंट को लेकर तो बात नहीं कर रहे? बता दें कि इससे पहले 2024 में जब भारत ने साउथ अफ्रीका को हराकर टी20 वर्ल्ड कप जीता था तब रोहित शर्मा और विराट कोहली ने T20I से संन्यास लेकर करोड़ों फैंस का दिल तोड़ दिया था।

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में रोहित का प्रदर्शन

रोहित शर्मा का फॉर्म पिछले कुछ समय से उस तरह का नहीं रहा है जिसके लिए वो जाने जाते हैं। शुरुआती ओवरों में कुछ आकर्षक शॉट्स और तेज गति से रन बनाने के बाद वो अपनी पारी को लंबी करने में सफल नहीं रहे हैं। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की बात करें तो भारतीय कप्तान ने अब तक खेले गए 4 मैचों में सिर्फ 104 रन बनाए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में हिटमैन से बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।

Advertisement

इसे भी पढ़ें: Womens Day: मर्द रात को 12 बजे आए तो लेट, औरत आए तो... कोहली का दिल छू लेने वाला VIDEO, समाज को दिखाया आईना

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 8 March 2025 at 19:43 IST