अपडेटेड 24 March 2026 at 22:41 IST
IPL इतिहास का सबसे बड़ी डील! 16,706 करोड़ में बिकी RCB, आदित्य बिड़ला ग्रुप बना नया मालिक, टूटा राजस्थान रॉयल्स का रिकॉर्ड
RCB New Owner: IPL 2026 से पहले RCB ने बिजनेस जगत में तहलका मचा दिया है। आदित्य बिड़ला ग्रुप, टाइम्स ग्रुप और ब्लैकस्टोन के एक शक्तिशाली समूह ने करीब 16,706 करोड़ रुपये ($1.78 बिलियन) में इस फ्रेंचाइजी का 100% मालिकाना हक हासिल कर लिया है।
- खेल समाचार
- 2 min read

IPL Historic Deal RCB New Owner: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सबसे लोकप्रिय टीमों में से एक, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अब एक नए युग में प्रवेश करने जा रही है। मंगलवार, 24 मार्च 2026 को आई रिपोर्ट्स के अनुसार, आदित्य बिड़ला ग्रुप के नेतृत्व वाले एक कंसोर्टियम ने इस दिग्गज फ्रेंचाइजी को खरीदने के लिए यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (USL) के साथ एक निर्णायक समझौता किया है।
यह डील करीब 16,706 करोड़ रुपये ($1.78 बिलियन) में हुई है, जिसने हाल ही में हुई राजस्थान रॉयल्स की 15,300 करोड़ रुपये की डील के रिकॉर्ड को भी ध्वस्त कर दिया है।
कौन-कौन है इस मेगा डील का हिस्सा?
दरअसल, विराट कोहली और स्मृति मंधाना जैसे सितारों से सजी RCB को खरीदने वाला यह ग्रुप केवल एक कंपनी नहीं, बल्कि दुनिया के बड़े बिजनेस दिग्गजों का एक गठबंधन है। इस कंसोर्टियम में आदित्य बिड़ला ग्रुप (ABG) के साथ-साथ टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, अमेरिकी निवेशक डेविड ब्लिट्जर की बोल्ट वेंचर्स और वैश्विक निवेश फर्म ब्लैकस्टोन शामिल हैं।
इस सौदे के तहत आरसीबी की पुरुष (IPL) और महिला (WPL) दोनों टीमों का मालिकाना हक बिड़ला समूह के पास चला गया है। गौरतलब है कि RCB फिलहाल IPL और WPL दोनों की मौजूदा चैंपियन है, जिसने इसकी ब्रांड वैल्यू को रातों-रात सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।
Advertisement
चेयरमैन पद पर होगी पूर्व क्रिकेटर की एंट्री
इस अधिग्रहण के बाद फ्रेंचाइजी के नेतृत्व ढांचे में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। आदित्य बिड़ला ग्रुप के डायरेक्टर और खुद एक पेशेवर क्रिकेटर रह चुके आर्यमन विक्रम बिड़ला को RCB का नया चेयरमैन नियुक्त किया जाएगा। वहीं, टाइम्स इंटरनेट के चेयरमैन सत्यन गजवानी वाइस-चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
कुमार मंगलम बिड़ला ने इस मौके पर कहा कि IPL अब एक वैश्विक पावरहाउस बन चुका है और RCB जैसी प्रतिष्ठित टीम के साथ जुड़ना उनके समूह के लिए गर्व की बात है। आर्यमन बिड़ला ने भी इस नई भूमिका को एक बड़ा सम्मान बताया और टीम की विरासत को और आगे ले जाने का संकल्प दोहराया।
Advertisement
BCCI की मंजूरी का इंतजार
हालांकि इस मेगा डील पर दोनों पक्षों ने सहमति जता दी है, लेकिन इसे आधिकारिक रूप से लागू करने के लिए अभी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) की औपचारिक मंजूरी मिलना बाकी है। प्रक्रिया के अनुसार, IPL 2026 के सीजन के दौरान प्रबंधन धीरे-धीरे नए मालिकों के हाथ में जाएगा।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 24 March 2026 at 22:41 IST