IPL 2026: RCB के हेड कोच को लगा तगड़ा झटका, नियमों का उल्लंघन करने पर लगा 15% मैच फीस का जुर्माना, जानें पूरा मामला
RCB Head Coach Fined: RCB के मुख्य कोच एंडी फ्लावर पर IPL की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.3 का उल्लंघन करने के लिए उनकी मैच फीस का 15% जुर्माना लगाया गया है।
- खेल समाचार
- 2 min read

RCB Head Coach Fined: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के हेड कोच एंडी फ्लावर पर IPL की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.3 का उल्लंघन करने के लिए उनकी मैच फीस का 15% जुर्माना लगाया गया है। BCCI ने रविवार को मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ हुए IPL 2026 मैच के दौरान अनुशासनहीनता के मामले में यह जुर्माना लगाया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने मैदान पर दिए गए एक फैसले को आक्रामक तरीके से चुनौती दी थी और चौथे अंपायर से बहस की थी। इसके बाद IPL गवर्निंग काउंसिल ने अपराध के लिए कोच पर उनकी मैच फीस का 15% जुर्माना लगाया है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
बता दें, यह विवाद तब शुरू हुआ जब क्रुणाल पांड्या और AM गजनफर के बीच मुकाबले के दौरान एक बाउंड्री कॉल ने बड़े विवाद को जन्म दे दिया। क्रुणाल ने गेंद को लॉन्ग-ऑन की दिशा में हवा में उछाला, जहां नमन धीर ने बाउंड्री के पास बेहतरीन प्रयास करते हुए कैच लपका और गेंद तिलक वर्मा की ओर उछाल दी।
हालांकि तिलक कैच पूरा नहीं कर सके और उन्होंने छक्के का इशारा किया, क्योंकि उन्हें संभवतः नमन के जूतों के टकराने की आवाज बाउंड्री कुशन से टकराने जैसी लगी। लेकिन रीप्ले में स्पष्ट हुआ कि नमन का संपर्क कुशन से बिल्कुल नहीं हुआ था। इसी बीच, क्रैम्प्स से जूझ रहे क्रुणाल ने रन दौड़ने की कोई कोशिश नहीं की, जिसके चलते अंततः वह गेंद डॉट बॉल ही करार दी गई।
इस घटना के बाद फ्लावर, दिनेश कार्तिक के साथ, चौथे अंपायर के पास गए और तर्क दिया कि यह फैसला गलत था। हालांकि मामले में कार्तिक पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, लेकिन इस बातचीत के दौरान फ्लावर को गलत माना गया, क्योंकि उन्होंने अपनी सीमा पार कर दी थी।
Advertisement
आधिकारिक बयान में क्या कहा गया?
एक आधिकारिक बयान में, IPL ने कहा, “रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हेड कोच एंडी फ्लावर पर खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए IPL आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए उनकी मैच फीस का 15% जुर्माना लगाया गया है। एंडी को अनुच्छेद 2.3 का उल्लंघन करते हुए पाया गया... जो 'मैच के दौरान ज़ोर से अपशब्दों का इस्तेमाल करने' से संबंधित है। यह घटना 17.2 ओवर में हुई जब एंडी ने चौथे अंपायर से आक्रामक तरीके से बात की।”
हालांकि इसके बाद बताया जा रहा है कि फ्लावर ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और मैच रेफरी अमित शर्मा द्वारा लगाए गए जुर्माने को मान लिया है।