दिल्ली से लेकर UP-बिहार तक के लिए अगले 48 घंटे भारी, IMD ने जारी किया आंधी, बारिश, बिजली गिरने का अलर्ट

Today Weather Update 11 May 2026: मौसम विभाग के मुताबिक इसके पीछे कई वेदर सिस्टम एक साथ सक्रिय हो गई हैं। भूमध्य सागर से उठा पश्चिमी विक्षोभ अब उत्तर भारत की तरफ बढ़ रहा है। दूसरी तरफ मन्नार की खाड़ी और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहा दबाव मौसम को और जटिल बना रहा है।

Follow : Google News Icon  
TODAY Weather Update 11 May
TODAY Weather Update 11 May | Image: AI

Today Weather Update 11 May: देशभर में मौसम बार-बार करवटें ले रहा है। जहां कहीं तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं अचानक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने हालात बदल दिए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक अगले 48 घंटे उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक कई राज्यों के लिए बेहद अहम रहने वाले हैं। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और पहाड़ी राज्यों में तेज आंधी, बिजली गिरने, ओलावृष्टि और बारिश का खतरा बना हुआ है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बदलाव के पीछे कई वेदर सिस्टम एक साथ सक्रिय होना बड़ी वजह है। भूमध्य सागर से उठा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है, जबकि मन्नार की खाड़ी और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने दबाव का असर दक्षिण भारत के मौसम पर पड़ रहा है। यही कारण है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम तेजी से करवट ले रहा है।

दिल्ली-NCR में धूल भरी आंधी और बारिश 

दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में अगले दो दिनों के दौरान मौसम अचानक बदल सकता है। मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना जताई है। हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

दिन में गर्मी बनी रहेगी, लेकिन शाम और रात में मौसम तेजी से बदल सकता है। कई इलाकों में धूल भरी आंधी के बाद बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

Advertisement

UP-बिहार में बिजली गिरने का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में मौसम सक्रिय बना रहेगा। लखनऊ, कानपुर, मेरठ, प्रयागराज, वाराणसी, बरेली और आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कई जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है।

वहीं, बिहार में प्री-मानसून गतिविधियां पूरी तरह सक्रिय हो चुकी हैं। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई जिलों के लिए रेड और येलो अलर्ट जारी किया है। पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर और दरभंगा समेत कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।

Advertisement

राजस्थान-पंजाब-हरियाणा और मध्य प्रदेश का हाल

राजस्थान में मौसम का दोहरा रूप देखने को मिल सकता है। पश्चिमी राजस्थान में जहां लू चलने की संभावना है, वहीं पूर्वी राजस्थान में तेज आंधी और बारिश का असर दिखाई दे सकता है। 

पंजाब और हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। चंडीगढ़, लुधियाना, अमृतसर और अंबाला में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने का खतरा भी बना हुआ है।

मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर समेत कई शहरों में गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रह सकता है। कुछ हिस्सों में तापमान बढ़ने के साथ लू चलने की संभावना भी जताई गई है।

पहाड़ी राज्यों में ओलावृष्टि और बर्फबारी का खतरा

इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना है। उत्तराखंड के चारधाम यात्रा मार्गों पर यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। 

दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी

दक्षिण भारत में मन्नार की खाड़ी और बंगाल की खाड़ी में बन रही मौसम प्रणाली के कारण तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। जबकि चेन्नई, बेंगलुरु, कोच्चि और तिरुवनंतपुरम में तेज बारिश और गरज-चमक का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। 

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मई महीने में प्री-मानसून गतिविधियां सामान्य होती हैं, लेकिन इस बार कई सिस्टम एक साथ सक्रिय होने के कारण असर ज्यादा व्यापक दिखाई दे रहा है।

IMD ने किसानों, यात्रियों और खुले इलाकों में काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अगले 48 घंटे कई राज्यों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए जरूरी सावधानी बरतना बेहद जरूरी होगा। 

ये भी पढ़ें: LSG vs CSK: उर्विल पटेल ने IPL में रचा इतिहास, चेन्नई सुपर किंग्स ने लखनऊ को 5 विकेट से हराया

Published By :
Shashank Kumar
पब्लिश्ड