अपडेटेड 22 March 2026 at 20:20 IST
दर्शकों को नहीं मिलेगी स्टेडियम में एंट्री, सिर्फ दो शहरों में होंगे मैच... किसके डर से थरथराने लगा पाकिस्तान? PCB के खिलाड़ियों में भी
PSL 2026 शुरू होने से महज 4 दिन पहले PCB ने बड़ा फैसला लिया है। अब पूरी लीग सिर्फ लाहौर और कराची में खेली जाएगी और स्टेडियम में दर्शकों की एंट्री बैन रहेगी।
- खेल समाचार
- 3 min read

PSL 2026: एक तरफ जहां पूरी दुनिया की नजरें 28 मार्च से शुरू हो रहे IPL 2026 पर टिकी हैं, वहीं पड़ोसी देश की लीग PSL 11 शुरू होने से पहले ही विवादों और संकटों में घिर गई है। टूर्नामेंट शुरू होने में महज 4 दिन बचे हैं, इसी बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने एक आपातकालीन बैठक के बाद चौंकाने वाला फैसला लिया है।
इसके मुताबिक, 26 मार्च से शुरू होने जा रही इस लीग में अब न तो फैंस का शोर सुनाई देगा और न ही यह पूरे पाकिस्तान के 6 शहरों में खेली जाएगी।
सिर्फ 2 शहरों में सिमटी लीग, 4 वेन्यू कटे
PCB के नए योजना के मुताबिक, इस बार PSL का आयोजन लाहौर, कराची, रावलपिंडी, मुल्तान, फैसलाबाद और पेशावर में होना था। लेकिन अब यह टूर्नामेंट सिर्फ लाहौर (गद्दाफी स्टेडियम) और कराची (नेशनल बैंक स्टेडियम) तक सीमित कर दिया गया है। PCB चीफ ने उन चारों शहरों के फैंस से माफी मांगी है जहां अब मैच नहीं होंगे, खासकर पेशावर से। क्योंकि यहां पहली बार मैच होने की उम्मीद थी, लेकिन अब ऐसा नहीं हो पाएगा।
दर्शकों की एंट्री पर बैन क्यों?
इस बार PSL इतिहास में पहली बार 'बंद दरवाजों' (Behind Closed Doors) के पीछे मैच खेले जाएंगे। इसका सबसे बड़ा कारण है, भीषण तेल और गैस संकट। साथ ही सीमा तनाव और सुरक्षा कारण भी इसका अहम हिस्सा है, जिसके डर से पाकिस्तान डर रहा है।
Advertisement
दरअसल, पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण पाकिस्तान में ईंधन की भारी किल्लत हो गई है। पेट्रोल-डीजल की कीमतें आसमान छू रही हैं। सरकार ने परिवहन कम करने के लिए 'अकौस्टिसिटी मेजर्स' (Austerity Measures) लागू किए हैं।
इसके अलावा पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते सीमा तनाव और सुरक्षा कारणों से खिलाड़ियों की आवाजाही को कम करने के लिए वेन्यू घटाए गए हैं।
Advertisement
नकवी ने स्पष्ट कहा है कि जब सरकार जनता से आवाजाही कम करने की अपील कर रही है, तो ऐसे में स्टेडियम में 30 हजार लोगों को बुलाना संसाधनों की बर्बादी होगी। इसीलिए ओपनिंग सेरेमनी को भी रद्द कर दिया गया है।
विदेशी खिलाड़ियों ने छोड़ा PSL
PSL को एक और बड़ा झटका विदेशी खिलाड़ियों ने दिया है। कई स्टार खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले अपने नाम वापस ले लिए हैं। इसकी एक बड़ी वजह IPL 2026 है। दरअसल, IPL में कई विदेशी खिलाड़ी हैं, जो फिलहाल चोटिल हैं, ऐसे में उनकी जगह लेने के लिए IPL फ्रेंचाइजी ने उन खिलाड़ियों को अप्रोच किया जो PSL का हिस्सा थे। लेकिन, पैसा ज्यादा मिलने के कारण IPL का ऑफर मिलते ही खिलाड़ियों ने PSL छोड़ने में देर नहीं लगाई।
क्या टूर्नामेंट टालेगा PCB?
मोहसिन नकवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलासा किया कि बोर्ड के पास टूर्नामेंट को टालने का भी विकल्प था। लेकिन साल भर के बिजी क्रिकेट कैलेंडर में कोई दूसरी विंडो उपलब्ध न होने के कारण, बोर्ड ने इन कठिन परिस्थितियों में ही लीग को आयोजित करने का फैसला लिया। PCB ने यह भी भरोसा दिलाया है कि टिकटों का पैसा 72 घंटों के भीतर रिफंड कर दिया जाएगा और फ्रेंचाइजी मालिकों को होने वाले नुकसान की भरपाई बोर्ड करेगा।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 22 March 2026 at 20:20 IST