PAK vs BAN: फील्डिंग के दौरान गंभीर चोटिल हुआ पाकिस्तानी खिलाड़ी, स्ट्रेचर पर मैदान से गया बाहर, अस्पताल में भर्ती
Bangladesh vs Pakistan: बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे के दौरान पाकिस्तान के स्टार ऑलराउंडर हुसैन तलत को कंधे में गंभीर चोट लगी। चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर लेकर जाना पड़ा।
- खेल समाचार
- 2 min read

Bangladesh vs Pakistan: बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान के बीच शुक्रवार, 13 मार्च को मीरपुर के शेए-ए बांग्ला नेशनल स्टेडियम में तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला गया। इस बीच पाकिस्तान के ऑलराउंडर हुसैन तलत को फील्डिंग के दौरान गंभीर रूप से चोट लग गई। तलत को कंधे में चोट लगी। इसके बाद उन्हें स्ट्रेचर के जरिए मैदान से बाहर ले जाया गया और फिर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बयान जारी करते हुए कहा जांच के बाद ही उनकी चोट की गंभीरता का पता चलेगा।
हुसैन तलत को कैसे लगी चोट?
दरअसल, हुसैन तलत को बांग्लादेश की बैटिंग के छठे ओवर में चोट लगी। छठे ओवर में मोहम्मद वसीम की गेंद पर लिटन दास ने शॉट मारा, जिसे रोकने के लिए तलत बाउंड्री की तरफ दौड़े। तलत ने बाउंड्री के पास गेंद को रोकने की कोशिश की, लेकिन उनका पैर बाउंड्री रॉप पर पड़ा और वो लड़खड़ाकर विज्ञापन बोर्ड से जा टकराए। इसके बाद गहरे दर्द में नजर आए। चोट लगते ही साथी खिलाड़ी मदद के लिए पहुंचे। बाद में स्ट्रेचर लाया गया और उन्हें एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया।
पाकिस्तान ने 128 रन से मैच जीता
बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 10 विकेट के नुकसान पर 274 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की पूरी टीम 23.3 ओवर में महज 114 रन पर सिमट गई। हालांकि, मैच बारिश के चलते प्रभावित रहा और DLS के तहत बांग्लादेश को 32 ओवर में 243 का टारगेट मिला था।
सीरीज 1-1 की बराबरी पर
बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मैच जीतकर पाकिस्तान ने सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। पहले मैच में बांग्लादेश ने पाकिस्तान टीम को करारी मात दी थी। पहले मैच बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया था।