'मानसिक रूप से पिछड़ जाता है पाकिस्तान', भारत से भिड़ंत को लेकर मिसबाह ने बोल दिया सच
आगामी T20 वर्ल्ड कप में क्रिकेट फैंस को भारत और पाकिस्तान का महामुकाबला देखने को मिलने वाला है। इस बहुप्रतिक्षित मैच से पहले मिसबाह उल हक ने बड़ा बयान दिया है।
- खेल समाचार
- 3 min read

Ind vs Pak: पाकिस्तान (Pakistan) के पूर्व कप्तान मिसबाह उल हक (Misbah Ul Haq) का मानना है कि अगले महीने होने वाले T20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) में जब उनकी टीम का सामना भारत (India) से होगा तो उसके लिए आगे निकलना मुश्किल होगा, क्योंकि ऐसा लगता है कि ICC टूर्नामेंट्स में चिर प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ खेलने को लेकर उनकी टीम मानसिक रूप से पिछड़ जाती है।
अमेरिका में एक जून से शुरू होने वाले T20 वर्ल्ड कप के संभवतः सबसे बहुप्रतीक्षित लीग चरण के मैच में भारत और पाकिस्तान 9 जून को न्यूयॉर्क में भिड़ेंगे। भारत 7 T20 वर्ल्ड कप मुकाबलों में सिर्फ एक बार (2021 में) पाकिस्तान से हारा है।
भारत-पाक मुकाबले पर क्या बोले मिसबाह?
मिसबाह ने बुधवार को IPL ब्रॉडकास्टर ‘स्टार स्पोर्ट्स’ पर कहा-
Advertisement
जब विश्व कप में भारत से खेलने की बात आती है तो आप इसे पाकिस्तान का दुर्भाग्य या मानसिक अवरोध कहते हैं। पाकिस्तान को बहुत कुछ करने की आवश्यकता होगी, क्योंकि ये एक मजबूत गेंदबाजी क्रम और दो अच्छे स्पिनरों के साथ एक बहुत ही कुशल भारतीय टीम है। भारत के पास जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और हार्दिक पांड्या जैसे उच्च स्तरीय तेज गेंदबाज हैं। भारतीय क्रिकेट टीम का स्तर कई गुना बढ़ गया है। मानसिक रवैया बहुत मायने रखता है और ऑस्ट्रेलिया मानसिक पक्ष को सबसे अच्छी तरह संभालता है।
'बड़ा खतरा होंगे विराट कोहली'
मिसबाह ने कहा कि उनके देश के खिलाफ कुछ यादगार पारियां खेलने वाले विराट कोहली एक बार फिर बड़ा खतरा होंगे, हालांकि मौजूदा IPL में उनके स्ट्राइक रेट को लेकर काफी चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा-
Advertisement
कोहली एक बड़ा कारक बनने जा रहे हैं। उन्होंने कई बार पाकिस्तान को नुकसान पहुंचाया है। उनका मानसिक रूप से पाकिस्तान पर दबदबा है। वह बड़े मौकों से प्रेरणा लेते हैं, दबाव नहीं। विराट कोहली का प्रभाव निश्चित रूप से होगा। वह एक शीर्ष स्तरीय क्रिकेटर हैं। वो एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो आपको मैच जिता सकते हैं, स्ट्राइक रेट मायने नहीं रखता। अच्छे खिलाड़ी इन आलोचनाओं से प्रेरणा लेते हैं।
मिसबाह को आई T20 वर्ल्ड कप फाइनल की याद
मिसबाह अब भी 2007 में पहले T20 विश्व कप फाइनल में भारत के खिलाफ गलत तरीके से मारे गए स्कूप शॉट को नहीं भूले हैं। पाकिस्तान को आखिरी चार गेंदों पर जीत के लिए केवल 6 रन चाहिए थे, मिसबाह ने फाइन लेग के ऊपर से शॉट लगाने का प्रयास किया, लेकिन श्रीसंत ने कैच पकड़ लिया और पाकिस्तान 157 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 152 रन पर आउट हो गया और भारत चैंपियन बना।