T20 World Cup: Virat Kohli के खिलाफ पाकिस्तान का क्या है प्लान? कप्तान Babar Azam ने दिया ये जवाब
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम ने आयरलैंड दौरे पर जाने से पहले आगामी T20 वर्ल्ड कप में कोहली के खिलाफ प्लान के बारे में बात की है।
- खेल समाचार
- 3 min read

T20 World Cup 2024: IPL के रोमांच के बीच फैंस को अब T20 वर्ल्ड कप का इंतजार है, जहां उन्हें क्रिकेट की दुनिया का सबसे बड़ा महासंग्राम देखने को मिलने वाला है। जी हां फैंस को एक बार फिर चिर प्रतिद्वंद्वियों भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला देखने को मिलने वाला है।
क्रिकेट इतिहास की इस सबसे बड़ी राइवलरी का मजा दोगुना होगा, क्योंकि इस बार इन दोनों के बीच भिड़ंत का मेजबान अमेरिका है, जहां आज तक इतना बड़ा क्रिकेट इवेंट और इतना बड़ा मुकाबला नहीं हुआ है। भारत-पाकिस्तान के बीच ये महामुकाबला 9 जून को न्यू यॉर्क में खेला जाएगा। दोनों टीमों की बात करें तो भारतीय खिलाड़ी इस वक्त IPL में बिजी हैं तो वहीं पाकिस्तान टीम आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर जा रही है, जहां वो T20 वर्ल्ड कप से पहले T20 सीरीज खेलेगी।
T20 वर्ल्ड कप में जब आखिरी बार दोनों टीमों की भिड़ंत हुई थी तो भारतीय दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने अकेले अपने दम पर पाकिस्तान के जबड़े से जीत छीन ली थी। ऐसे में इस बार पाकिस्तान विराट कोहली के खिलाफ एक खास रणनीति के साथ उतरना चाहेगा। कोहली के खिलाफ पाकिस्तान का क्या प्लान है, इसका खुद कप्तान बाबर आजम ने जवाब दिया है।
कोहली को कैसे रोकेगा पाकिस्तान?
Advertisement
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम ने आयरलैंड दौरे पर रवाना होने से पहले लाहौर में PAK मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उससे सवाल पूछा गया कि इस बार पाकिस्तान की विराट कोहली के खिलाफ क्या रणनीति है, जिसके जवाब में बाबर ने कहा-
आप जब किसी भी विपक्षी टीम के खिलाफ खेलते हैं तो आप कोई न कोई प्लान लेकर चलते हैं और हमेशा यही होता है। ये नहीं कि आप सिर्फ एक टीम या खिलाड़ी के खिलाफ प्लान करते हैं। आप विरोधी टीम के सभी 11 खिलाड़ियों के खिलाफ रणनीति बनाते हो। चाहे गेंदबाजी हो या बल्लेबाजी। मैच न्यू यॉर्क में हो रहा है तो देखना होगा कि वहां कैसी परिस्थितियां रहती हैं। उस हिसाब से प्लानिंग करेंगे। इसमें कोई शक नहीं है कि वो बेस्ट खिलाड़ी हैं और उनके खिलाफ जो बेस्ट प्लानिंग होगी, वो करेंगे।
कोहली की T20 WC 2022 की पारी नहीं भूला पाकिस्तान
Advertisement
पाकिस्तान ऑस्ट्रेलिया में खेले गए 2022 T20 वर्ल्ड कप में विराट कोहली की वो पारी अब तक नहीं भूला है, जिसके दम पर भारत ने पाकिस्तान को हारते हुए मैच में शिकस्त दी थी। 23 अक्टूबर 2022 को मेलबर्न के मैदान पर खेले गए इस मैच में विराट कोहली ने 53 गेंदों पर 6 चौकों और 4 छक्कों के दम पर 82 रन की नाबाद पारी खेली थी। जब रोहित, राहुल और सूर्यकुमार जैसे विस्फोटक खिलाड़ी डगआउट लौट गए थे तो कोहली ही भारत की आखिरी उम्मीद बने थे और अंत में उन्होंने भारत को शानदार जीत दिलाई थी। इसी मैच में कोहली ने हारिस रऊफ की गेंद पर तीर की तरह सीधा छक्का मारा था, जिसे ICC ने ‘शॉट ऑफ द सेंचुरी’ करार दिया था।
इसमें कोई दोराय नहीं है कि भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच सिर्फ प्रतिद्वंद्वता नहीं, बल्कि भावनाओं की जंग होती है। दोनों देशों के फैंस ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों की भारत-पाक मैच पर नजर रहती है।