बांग्लादेश में कौर ब्रिगेड का जलवा, भारत ने विरोधियों का 4-0 से किया सूपड़ा साफ

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश में जबरदस्त प्रदर्शन करके दिखाया है। हरमनप्रीत की अगुवाई में भारत ने बांग्लादेश का 4-0 से सूपड़ा साफ किया है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Indian Womens Cricket Team Beat Bangladesh in 4th T20I
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश को हराया | Image: X@BCCIWomen

Ind vs Ban: हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय महिला क्रिकेट टीम लगातार झंडे गाड़ रही है। कौर ब्रिगेड ने अब बांग्लादेश में जलवा दिखाया है। एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारत की महिला क्रिकेट टीम ने पड़ोसी बांग्लादेश का 4-0 से सूपड़ा साफ किया है।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस समय बांग्लादेश दौरे पर है, जहां वो 5 मैचों की T20 सीरीज खेल रही है। भारत और बांग्लादेश के बीच सोमवार को सीरीज का चौथा मुकाबला खेला गया, जिसमें भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ एकतरफा जीत दर्ज की। शानदार बल्लेबाजी और घातक गेंदबाजी के दम पर भारत ने बांग्लादेश को 56 रन से हरा दिया। 

बारिश के कारण 20 ओवर के इस मैच को DLS मैथड के हिसाब से 14 ओवर का कर दिया गया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मंधाना, हेमलता, कप्तान हरमनप्रीत और रिचा घोष की शानदार पारियों के दम पर 6 विकेट पर 122 रन बनाए, जिसके जवाब में बांग्लादेश 7 विकेट पर महज 68 रन ही बना सकी और भारत ने बड़े अंतर से मैच जीत लिया। 

हरमनप्रीत ने खेली कप्तानी पारी

Advertisement

35 वर्षीय हरमनप्रीत कौर ने इस मैच में कप्तानी पारी खेली। बाएं हाथ की बल्लेबाज हरमनप्रीत ने 26 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 39 रन बनाए। इस बेहतरीन पारी के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। अपना 300वां इंटरनेशनल मैच खेल रहीं हरमनप्रीत ने रिचा के साथ पांचवें विकेट के लिए 28 गेंदों पर 44 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। हरमनप्रीत और रिचा की जोड़ी ने बारिश के खलल के बाद आक्रामक तेवर दिखाए और अपनी साझेदारी के दौरान 8 चौके और 1 छक्का जड़ा। हरमनप्रीत के अलावा अनुभवी सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने 18 गेंदों पर 22, हेमलता ने 14 गेंदों पर 2 चौकों और 2 छक्कों के सहारे 22 और रिचा घोष ने 15 गेंदों पर 24 रन बनाए। 

खतरनाक गेंदबाजी के आगे बांग्लादेश पस्त

Advertisement

भारत की बल्लेबाजी तो बेहतर रही, वहीं गेंदबाजी में भी भारतीय खिलाड़ियों ने गदर मचाया। भारतीय गेंदबाजों ने न केवल बांग्लादेशी बल्लेबाजों को बांध कर रखा, बल्कि एक के बाद एक झटके दिए। भारत को 18 रन के स्कोर पर पहला विकेट दीप्ति शर्मा ने दिलाया। दीप्ति ने मुर्शिदा खातून को अपना शिकार बनाया। 38 के स्कोर पर दीप्ति ने दूसरा विकेट लिया और दूसरी सलामी बल्लेबाज दिलारा अक्तेर को भी चलता किया। फिर आशा शोभना ने मोर्चा संभाला और बैक टू बैक दो विकेट चटकाए। दीप्ति और आशा को 2-2, जबकि पूजा वस्त्राकर और राधा यादव को 1-1 विकेट मिला। 

बारिश के कारण खेल देरी से शुरू हुआ और शुरुआत होने के बाद बारिश ने फिर खलल डाला, जिसके चलते एक घंटे से ज्यादा समय तक मैच रोका गया और फिर ओवरों की संख्या को घटाया गया। बता दें कि भारतीय टीम ने 5 मैचों की इस T20 सीरीज में 4-0 की अजेय बढ़त ले ली है। सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच 9 मई, गुरुवार को खेला जाएगा। बता दें कि इसी साल बांग्लादेश में महिला T20 वर्ल्ड कप भी खेला जाना है और इस लिहाज से भारत का ये प्रदर्शन बहुत मायने रखता है। 

ये भी पढ़ें- IPL में बड़ी पहल, भारत को मिली पहली ‘हाईब्रिड पिच’; क्या होती है ये? डिटेल में जानें

Published By:
 DINESH BEDI
पब्लिश्ड