अपडेटेड 14 February 2026 at 23:46 IST
T20 World Cup NZ vs SA: प्रोटियाज ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया, कप्तान एडेन मार्करम बने हीरो, कायम रखा जीत का रिकॉर्ड
T20 World Cup NZ vs SA: दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को टी20 विश्व कप 2026 के अपने तीसरे मुकाबले में 7 विकेट से मात दी है। दक्षिण अफ्रीका की यह लगातार तीसरी जीत है।
- खेल समाचार
- 3 min read

T20 World Cup NZ vs SA: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में शनिवार, 14 फरवरी को नरेंद्र मोदी स्टेडियम अहमदाबाद में न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच मुकाबला खेला गया। मैच में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो उनके लिए सही भी साबित हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए थे, लेकिन, जवाब में साउथ अफ्रीका ने 7 विकेट से बाजी मार ली।
गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को 175 रन पर रोका
टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया और मार्को यानसेन की शानदार गेंदबाजी की बदौलत 7 विकेट पर 175 रन पर रोक दिया। यानसेन ने अपने स्पेल में 40 रन देकर 4 विकेट लिए। वहीं, लुंगी एनगिडी, केशव महाराज और कोर्बिन बॉश ने 1-1 विकेट लिया।
दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के सामने कीवी बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना सके। 138 के स्कोर पर चैपमैन के आउट होने के बाद जल्दी ही डेरिल मिचेल भी पवेलियन लौट गए और नतीजा ये रहा कि न्यूजीलैंड 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन ही बना सकी।
एडेन मार्करम और क्विंटन डिकॉक ने दी तेज शुरुआत
इसके बाद जीत के लिए 176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका को कप्तान एडेन मार्करम और क्विंटन डिकॉक ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने तीन ओवर में ही टीम को 50 रन के पार पहुंचा दिया। एडेन मार्करम में 19 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया और अंत तक नाबाद रहे। इसके बाद डेविड मिलर ने टीम के लिए विजयी छक्का 18वें ओवर की पहली गेंद पर जड़ा और टीम को 17.1 ओवर में 7 विकेट से जीत दिला दी।
Advertisement
एडेन मार्करम रहे मैच के हीरो
इस बेहद रोमांचक मुकाबले में 176 रनों का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया। मैच में सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम ने 44 गेंदों में 86 रनों की नाबाद पारी खेली। इसके अलावा डेविड मिलर ने 12 गेंदों में नाबाद 14 रन बनाए। इसके साथ हीं साउथ अफ्रीका ने 7 विकेट और 17 गेंदें शेष रहते हुए मुकाबला जीत लिया।
टी-20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका की ये लगातार तीसरी जीत है, जबकि न्यूजीलैंड को पहली हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने अपनी जगह सुपर-4 राउंड में तकरीबन पक्की कर ली है। मार्को यानसेन को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
Advertisement
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, डेवोन कॉनवे, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डैरिल मिचेल, जेम्स नीशम, माइकल ब्रैसवेल, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, ट्रेंट बोल्ट, जैकब डफी और ईश सोढ़ी।
दक्षिण अफ्रीका: एडेन मार्क्रम (कप्तान), क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेलटन, रीजा हेंड्रिक्स, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), मार्को यानसन, कैगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्टजे, केशव महाराज, तबरेज शम्सी और कोर्बिन बॉश।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 14 February 2026 at 23:46 IST