अपडेटेड 1 August 2024 at 23:16 IST

अब टी20 विश्व कप जीत से आगे बढ़ने का समय आ गया, आगे के बारे में सोचना होगा: रोहित शर्मा

India Tour of Srilanka: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि अब टी20 विश्व कप जीत की खुशी से आगे बढ़ने का समय आ गया है।

Follow : Google News Icon  
Rohit Sharma and Gautam Gambhir
Rohit Sharma and Gautam Gambhir | Image: PTI/X

India Tour of Srilanka: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि अब टी20 विश्व कप जीत की खुशी से आगे बढ़ने का समय आ गया है और अब वह नये मुख्य कोच गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में चुनौतियों भरी श्रृंखलाओं में सफलता जारी रखने की उम्मीद लगाये हैं।

रोहित की टीम ने श्रीलंका के खिलाफ सफेद गेंद की श्रृंखला में गंभीर के मार्गदर्शन में इस सत्र में नयी यात्रा शुरू की है जिसमें कुछ शीर्ष स्तर के टूर्नामेंट खेले जाने हैं और इसमें अगले साल के शुरू होने वाली चैम्पियंस ट्राफी भी शामिल है।

रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘मैंने क्रिकेट से दूर अच्छा समय बिताया। विश्व कप जीतने के बाद घर वापस आना एक शानदार अहसास था जिसमें दिल्ली और मुंबई में अनुभव अद्भुत रहा। लेकिन अब हमें आगे बढ़ना होगा क्योंकि क्रिकेट आगे बढ़ता है।’’ रोहित ने विश्व कप जीत के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले लिया था। उन्होंने कहा, ‘‘हमने बीते समय में जो कुछ भी प्रदर्शन किया है, वो उस विशेष समय के लिए अच्छा था। लेकिन समय आगे बढ़ता रहता है और हमें भी आगे बढ़ते रहना चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि पिछले साल घरेलू मैदान पर 50 ओवर के विश्व कप में आस्ट्रेलिया से मिली हार के बाद भी टीम ने यही तरीका अपनाया था। रोहित ने कहा, ‘‘2023 विश्व कप के बाद भी यही हुआ था। हमें तब बहुत निराशा हुई थी लेकिन हमें आगे बढ़ना था और विश्व कप का इंतजार करना था। अब जब टी20 विश्व कप खत्म हो गया है तो हमें एक टीम के रूप में यह सोचना होगा कि हमारे आगे क्या है। एक बड़ा टूर्नामेंट आने वाला है। ’’

Advertisement

भारतीय कप्तान ने माना कि गंभीर का कोचिंग का तरीका उनके पूर्ववर्तियों से अलग होगा। उन्होंने कहा, ‘‘गौतम गंभीर ने बहुत क्रिकेट खेला है और वह फ्रेंचाइजी क्रिकेट से जुड़े रहे हैं। निश्चित रूप से पिछले सहयोगी स्टाफ से यह अलग होगा। राहुल द्रविड़ के कोच बनने से पहले रवि शास्त्री थे। हर व्यक्ति अलग तरह से काम करता है। ’’

रोहित ने कहा, ‘‘मैं गंभीर को बहुत लंबे समय से जानता हूं और हमने साथ में थोड़ा बहुत क्रिकेट खेला है। वह बहुत स्पष्ट है और वह जानते हैं कि वह टीम से क्या चाहते हैं। हमने टीम की कमियों के बारे में, अच्छी चीजों के बारे में और टीम को क्या जरूरत है, इस बारे में बात की है। टीम को आगे कैसे बढ़ाया जाये, इस पर चर्चा हुई है। ’’

Advertisement

गंभीर को काफी गंभीर व्यक्ति माना जाता है लेकिन रोहित ने नये कोच के बारे में कहा, ‘‘गौती भाई ड्रेसिंग रूम में काफी मजेदार चीजें करते हैं, बहुत सारे चुटकुले सुनाते हैं। मुझे नहीं लगता कि हमें उनके निजी व्यक्तित्व के बारे में बात करनी चाहिए जैसे कि वह हंसते हैं या नहीं। हर किसी का अपना तरीका होता है। ’’

ये भी पढ़ें- राहुल या पंत, गेंदबाजी में गुरु गंभीर के चेले को मिलेगा Playing XI में मौका? जानें रोहित का गेमप्लान | Republic Bharat

Published By : Shubhamvada Pandey

पब्लिश्ड 1 August 2024 at 23:16 IST