अपडेटेड 21 February 2025 at 18:41 IST
बाबर-रिजवान या अफरीदी नहीं, पाकिस्तान का ये खिलाड़ी बनेगा भारत के लिए खतरा? NZ की भी रोक दी थी सांसें
न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में पाकिस्तान के सारे स्टार खिलाड़ियों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया, लेकिन एक खिलाड़ी था जिसने न्यूजीलैंड की धड़कनें बढ़ा दी थी।
- खेल समाचार
- 2 min read

India vs Pakistan Champions Trophy 2025: दुनियाभर के क्रिकेट फैंस रविवार, 23 फरवरी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी दिन चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का सबसे बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। दुबई में भारत का सामना मेजबान पाकिस्तान से होगा। रोहित शर्मा एंड कंपनी ने इस टूर्नामेंट का आगाज धमाकेदार तरीके से किया है। गुरुवार को बांग्लादेश के खिलाफ हुए मैच में पहले गेंदबाजी में मोहम्मद शमी ने पंजा खोला और उसके बाद शानदार फॉर्म में चल रहे शुभमन गिल ने शतक जड़कर महफिल लूट ली। भारत ने बांग्लादेश को 6 विकेट से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सफर का आगाज किया।
दूसरी तरफ पाकिस्तान को पहले मैच में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। कराची में न्यूजीलैंड ने उन्हें हर विभाग में मात दी। शाहीन अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रऊफ की तिकड़ी पर घमंड करने वाले पाकिस्तान को करारा झटका लगा क्योंकि ये तीनों गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए। बल्लेबाजी में उम्मीद थी कि बाबर आजम और कप्तान मोहम्मद रिजवान जलवा बिखेरेंगे लेकिन दोनों ने निराश किया। रिजवान सिर्फ 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, वहीं बाबर64 रन तो बनाए, लेकिन उन्होंने कछुए की रफ्तार से रन बनाए।
भारत को खुशदिल से रहना होगा सावधान
न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में पाकिस्तान के सारे स्टार खिलाड़ियों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया। हालांकि, एक खिलाड़ी था जिसने धमाकेदार बैटिंग कर कुछ देर के लिए न्यूजीलैंड की धकड़नें बढ़ा दी थी। हम बात कर रहे हैं ऑलराउंडर खुशदिल शाह की जिन्होंने 49 गेंदों पर 69 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और एक छक्का जड़ा।
भारत के खिलाफ मैच में भी खुशदिल शाह पर पाकिस्तान फैंस की नजर रहेगी। मिडिल ओवरों में वो तेज गति से रन बनाकर भारतीय गेंदबाजी पर दबाव डाल सकते हैं। बल्लेबाजी के अलावा खुशदिल ने अपनी स्पिन गेंदबाजी से भी प्रभावित किया था। 30 वर्षीय खिलाड़ी ने अभी तक पाकिस्तान के लिए 14 वनडे खेले हैं। 98.30 की अच्छी स्ट्राइक रेट से खेलते हुए उन्होंने 290 रन बनाए हैं। एकदिवसीय क्रिकेट में खुशदिल के नाम 3 विकेट भी है।
Advertisement
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 21 February 2025 at 18:36 IST