'शायद-शायद के चक्कर में उसे बहुत मौके मिले...' IPL ऑक्शन में अनसोल्ड रहे इस खिलाड़ी पर बरसे कैफ
अनसोल्ड खिलाड़ियों की लिस्ट में दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व ओपनर पृथ्वी शॉ का भी नाम भी शामिल है। उनका बेस प्राइज 75 लाख था पर किसी फ्रेंचाइजी ने उन्हें नहीं खरीदा
- खेल समाचार
- 4 min read

IPL 2025 Mega Auction: सउदी अरब में दो दिन तक चले आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन का समापन हो चुका है। इस नीलामी के लिए 577 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। जिनमें से 182 खिलाड़ी बिके और बाकी खिलाड़ी अनसोल्ड रहे। अनसोल्ड खिलाड़ियों की लिस्ट में कुछ ऐसे हैरान करने वाले नाम थे जिसकी फैंस को बिल्कुल उम्मीद नहीं थी।
अनसोल्ड खिलाड़ियों की लिस्ट में दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व ओपनर पृथ्वी शॉ का भी नाम भी शामिल है। उनका बेस प्राइज 75 लाख था पर किसी फ्रेंचाइजी ने उनको खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। शॉ के अनसोल्ड होने पर दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व असिस्टेंट कोच मोहम्मद कैफ का ऐसा बयान सामने आया है जिसने सभी को दंग कर दिया है।
पृथ्वी शॉ पर भड़के मोहम्मद कैफ
जियोसिनेमा पर आईपीएल ऑक्शन के बारे में बात करते हुए मोहम्मद कैफ ने कहा कि पृथ्वी शॉ दमदार प्लेयर थे, लेकिन वैसा प्रदर्शन नहीं किया और इसका खामियाजा उनको भुगतना पड़ा है। आईपीएल में उनका औसत 23.94 और स्ट्राइक रेट 147 से ज्यादा का रहा है।
पृथ्वी को दिल्ली ने बहुत मौके दिए: कैफ
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने कहा, "पृथ्वी शॉ को दिल्ली ने बहुत मौके दिए, क्योंकि उनसे उम्मीद ये थी कि ये पावरप्ले का प्लेयर है। ये खिलाड़ी एक ओवर में 6 चौके मारने का दम रखता है। उसने मारे भी शिवम मावी को। उसमें बहुत पोटेंशियल था। इस उम्मीद में उनको बहुत बैक किया गया कि अगर ये चल गया आज तो हम मैच जीत जाएंगे। हम कई बार मीटिंग में बैठते थे जिसमें इस बात पर डिस्कशन होता था कि क्या पृथ्वी शॉ को ड्रॉप किया जाए या प्लेइंग इलेवन में रखा जाए। रात में फैसला होता था कि ड्रॉप करेंगे, लेकिन सुबह होते ही वह टीम में होता था।"
Advertisement
दूसरों को इतने मौके नहीं मिलते: कैफ
कैफ ने आगे बताया, "टॉस से पहले हम कहते थे कि हमें ये प्लेयर प्लेइंग इलेवन में चाहिए। रात में हम मना कर रहे होते थे कि हमें ये प्लेयर प्लेइंग इलेवन में नहीं चाहिए ये रन नहीं मार रहा, फ्लॉप है, लेकिन सुबह होते ही वो टीम में होता था, क्योंकि हम सोचते थे कि अगर ये आज चल गया ना तो हम मैच जीत जाएंगे। शायद...शायद...के चक्कर में उसको बहुत मौके मिले, लेकिन शॉ फायदा नहीं उठा पाए। कई प्लेयर को मौके नहीं मिलते, लेकिन उनको मिले और वे परफॉर्म नहीं कर पाए और अब उनको मानना होगा कि उनकी फॉर्म खराब है। अपने गेम के बारे में उनको सोचना होगा। उनसे टीमें मूव ऑन कर चुकी हैं। ये उनके लिए बहुत ज्यादा शर्मिंदगी वाली बात है कि किसी ने भी उनको नहीं खरीदा ऑक्शन में। अब उनको घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाने होंगे।"
2018 से दिल्ली कैपिटल्स के साथ थे पृथ्वी शॉ
पृथ्वी शॉ 2018 से दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़े हुए थे, तब फ्रेंचाइजी ने उन्हें 1.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। मेगा ऑक्शन से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने जिन चार प्लेयर्स को रिटेन किया था, उसमें पृथ्वी शॉ का नाम नहीं था। पृथ्वी को अब सारा फोकस अपनी फॉर्म और खराब फिटनेस पर करना होगा। पृथ्वी शॉ की ही कप्तानी में भारत ने 2018 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता था। उस टीम का हिस्सा रहे रियान पराग, शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा सरीखे प्लेयर्स को या तो उनकी फ्रैंचाइजी ने रिटेन किया या फिर ऑक्शन में मोटी रकम मिली, लेकिन पृथ्वी चमक-दमक में खो गए।