Match Fixing: पाकिस्तान क्रिकेट पर मंडराया मैच फिक्सिंग का साया, कई खिलाड़ियों के मोबाइल फोन जब्त, PCB के रडार पर ये 7 बड़े प्लेयर

लगातार दो टेस्ट मैचों में शर्मनाक हार का सामना कर चुकी पाकिस्तानी टीम अब 'मैच फिक्सिंग' और गंभीर अनुशासनहीनता के काले साये में घिरती नजर आ रही है।

match fixing Suspicion Pakistani cricketers phones confiscated in England
पाकिस्तान क्रिकेट पर मंडराया मैच फिक्सिंग का साया, कई खिलाड़ियों के मोबाइल फोन जब्त, PCB के रडार पर ये 7 बड़े प्लेयर | Image: X

पाकिस्तान क्रिकेट और विवादों का चोली-दामन का पुराना साथ रहा है, लेकिन इंग्लैंड के मौजूदा दौरे पर एक बार फिर ऐसा भूचाल आया है जिसने पूरी दुनिया के क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है। लगातार दो टेस्ट मैचों में शर्मनाक हार का सामना कर चुकी पाकिस्तानी टीम अब 'मैच फिक्सिंग' और गंभीर अनुशासनहीनता के काले साये में घिरती नजर आ रही है। हालात की गंभीरता को देखते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने एक उच्च स्तरीय आंतरिक जांच शुरू कर दी है।

इस पूरे प्रकरण की सबसे डराने वाली बात यह है कि विवाद का केंद्र एक बार फिर लंदन का वही ऐतिहासिक लॉर्ड्स (Lord's) स्टेडियम है, जिसने 2010 में पाकिस्तानी क्रिकेट को फिक्सिंग के सबसे गहरे दलदल में धकेल दिया था। इंग्लैंड दौरे पर खिलाड़ियों के संदिग्ध आचरण और अनुशासन तोड़ने की लगातार आ रही मीडिया रिपोर्ट्स के बाद पीसीबी हरकत में आ गया है। पीसीबी के मीडिया निदेशक हामिद मीर ने सोमवार को एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि बोर्ड ने इन घटनाओं का संज्ञान लिया है।

हामिद मीर ने कहा, "टीम के अनुशासन और व्यवहार से जुड़ी जो खबरें मीडिया में आ रही हैं, उनके बाद हमने एक आंतरिक अनुशासनात्मक जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस पूरे मामले की आंतरिक रूप से समीक्षा की जा रही है। पीसीबी अपने नियमों और मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत हर मामले को बेहद गंभीरता से लेता है।" हालांकि, बोर्ड ने अभी तक सार्वजनिक रूप से किसी खिलाड़ी के नाम या विशिष्ट घटना का खुलासा नहीं किया है।

जब्त किए गए खिलाडि़यों के मोबाइल फोन

Advertisement

इस जांच प्रक्रिया के दौरान जो कदम उठाए गए हैं, वे इशारा कर रहे हैं कि मामला केवल सामान्य अनुशासनहीनता का नहीं है। सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच के दायरे में आए पाकिस्तानी क्रिकेटरों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं।

खिलाड़ियों का बाहरी दुनिया से संपर्क पूरी तरह काट दिया गया है ताकि किसी भी संदिग्ध बुकी या बाहरी व्यक्ति से बातचीत न हो सके। बताया जा रहा है कि जिन खिलाड़ियों के फोन लिए गए हैं, उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ अंतिम टेस्ट मैच खत्म होने के बाद ही उनके उपकरण वापस सौंपे जाएंगे।

Advertisement

टीम में मची अफरा-तफरी: 7 दिग्गज बाहर, 5 नए चेहरों की एंट्री

फिक्सिंग के इस शक और लगातार मिल रही हार के बीच पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट ने एक अभूतपूर्व और कड़ा फैसला लिया है। बीच दौरे पर ही टीम में बड़ी सर्जरी करते हुए 7 प्रमुख खिलाड़ियों को स्क्वॉड से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।

इनकी जगह रातों-रात जिन खिलाड़ियों को इंग्लैंड बुलाया गया है, उनमें 5 ऐसे युवा चेहरे शामिल हैं जिन्होंने आज तक कोई सीनियर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है। इस तरह बीच दौरे पर आधी टीम बदल देने से क्रिकेट के जानकारों का शक और गहरा गया है कि ड्रेसिंग रूम में सब कुछ ठीक नहीं है।

इन प्रमुख खिलाडि़यों को दिखाया बाहर का रास्‍ता

  1. मोहम्मद रिजवान
  2. सलमान अली आगा
  3. इमाम-उल-हक
  4. अली उस्मान
  5. खुर्रम शहजाद
  6. आमिर जमाल 
  7. मोहम्मद आवैस जफर

2010 के काले अध्याय की यादें हुईं ताजा

इस ताज़ा घटनाक्रम ने 16 साल पहले की उन कड़वी यादों को कुरेद दिया है, जब अगस्त 2010 में लॉर्ड्स के ही मैदान पर इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच टेस्ट मैच खेला जा रहा था। उस वक्त एक स्टिंग ऑपरेशन में तत्कालीन कप्तान सलमान बट और तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ व मोहम्मद आमिर स्पॉट फिक्सिंग करते रंगे हाथों पकड़े गए थे।

उस घटना में नो-बॉल फेंकने के लिए पैसे लिए गए थे, जिसके बाद तीनों खिलाड़ियों पर न सिर्फ लंबा बैन लगा था, बल्कि उन्हें ब्रिटेन में जेल की सजा भी काटनी पड़ी थी। अब उसी मैदान पर एक बार फिर से इस तरह के विवाद का उठना पाकिस्तानी क्रिकेट के भविष्य पर कई गंभीर सवाल खड़े करता है।

इसे भी पढ़ें- जेंडर चेंज करा बना किन्नर, नाबालिग से शादी...जलती चिता से मांस खाने वाली 'लेडी अघोरी' को लेकर चौंकाने वाले खुलासे, तांत्रिक ने बताया बहुत कुछ

Published By:
 Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड