अपडेटेड 8 March 2026 at 11:49 IST

टीम इंडिया की जीत के लिए महाकाल दरबार में खास पूजा, महाकालेश्वर मंदिर में 'विजयी भव' की गूंज; क्रिकेट प्रेमियों ने की प्रार्थना

महाकालेश्वर मंदिर में T-20 विश्व कप फाइनल में टीम इंडिया की जीत के लिए विशेष जलाभिषेक किया गया। देशभर से क्रिकेट प्रेमियों ने शिव मंदिर में पूजा की और दीप जलाए। महाकालेश्वर मंदिर में टीम इंडिया के खिलाड़ियों की तस्वीरें गर्भगृह में रखी गईं और 'विजयी भव' की कामना की गई।

Follow : Google News Icon  
Mahakaleshwar Temple prayers Team India
उज्जैन में महाकाल के दरबार में टीम इंडिया की जीत की प्रार्थना | Image: X/ANI

Team India victory prayers Ujjain: T-20 विश्व कप फाइनल में टीम इंडिया की जीत की कामना के लिए देशभर से तस्वीरे सामने आ रही है। महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया गया। देशभर में क्रिकेट प्रेमियों ने शिव मंदिर जाकर दीप जलाया और पूजा अर्चना की।

क्रिकेट का जुनून चरम पर है और जब बात विश्व कप फाइनल की आती है, तो लाखों भारतीयों की आंखें टीवी पर टिकी रहती हैं। इसी उत्साह का असर मंदिरों में भी देखने को मिला। उज्जैन में भक्तों ने भगवान महाकाल से भारतीय टीम को विजय का आशीर्वाद मांगा। महाकालेश्वर मंदिर में 'विजयी भव' की गूंज उठी। मंदिर के पुजारियों ने विशेष मंत्रोच्चार के साथ भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया।

खिलाड़ियों की तस्वीरें गर्भगृह में रखी गईं

महाकालेश्वर मंदिर में टीम इंडिया के खिलाड़ियों की तस्वीरें गर्भगृह में रखी गईं और 'विजयी भव' की कामना की गई। पुजारी ने बताया कि फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत के लिए यह अनुष्ठान किया गया है। एक महिला श्रद्धालु ने कहा, "हम विशेष रूप से महाकाल के दर्शन के लिए आए हैं। टीम इंडिया की जीत के लिए दिल से प्रार्थना की है।" मुजफ्फरनगर से आई अन्य भक्त ने भी यही भावना जाहिर की कि भगवान महाकाल भारतीय टीम को शक्ति दें। 

अहमदाबाद में टक्कर, मंदिरों में प्रार्थना

भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले टी-20 विश्व कप के खिताबी मुकाबले को लेकर देशबर में उत्साह का सैलाब उमड़ पड़ा है। भारतीय टीम के फैंस की धड़कनें तेज हैं। वहीं टीम इंडिया की जीत के लिए उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया ने बगलामुखी मंदिर में मिर्ची अनुष्ठान कराया। इस अनुष्ठान में 51 बटुकों ने भारतीय टीम के खिलाड़ियों के चित्र रखकर मिर्ची, सरसों सहित अलग-अलग द्रव्यों और पूजन सामग्री से करीब एक घंटे तक पूजा-अर्चना कर टीम इंडिया की विजय की कामना की। सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि रामदास महाराज के सानिध्य में यज्ञ कर माता बगलामुखी से प्रार्थना की गई है कि वह भारतीय टीम को शक्ति दें, ताकि वह विरोधी टीम को पराजित कर अंतिम मुकाबला जीत सके और करोड़ों देशवासियों की इच्छा पूरी हो सके।

Advertisement

भारत में क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि आस्था और भावनाओं का विषय भी है। जब टीम मैदान पर उतरती है, तो दुआएं मंदिरों तक पहुंच जाती हैं। उज्जैन जैसे पवित्र स्थल पर ऐसे अनुष्ठान देश के क्रिकेट प्रेम को और मजबूत बनाते हैं।  

यह भी पढ़ें: नरम पड़े ईरान के तेवर? ऑयल-गैस संकट के बीच खोला स्ट्रेट ऑफ होर्मुज!

Advertisement

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 8 March 2026 at 11:49 IST