किंग तो मर चुका... विराट कोहली के पूर्व कोच ने किया उनका अपमान, इस बयान पर क्रिकेट जगत में घमासान!
मेलबर्न में खेले गए बॉक्सिंग डे टेस्ट में जब विराट कोहली सस्ते में पवेलियन लौट रहे थे तब कमेंट्री के दौरान साइमन कैटिच ने बड़ा बयान दे दिया।
- खेल समाचार
- 3 min read

Simon Katich on Virat Kohli: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में खेले गए बॉक्सिंग डे टेस्ट (Boxing Day Test) में भारत को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। पैट कमिंस की अगुवाई वाली टीम ने 184 रनों से ये मुकाबला जीतकर बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 में 2-1 की बढ़त बना ली। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का बल्ला इस टेस्ट में भी खामोश रहा। वो पहली पारी में 35 और दूसरी इनिंग में 5 रन बनाकर आउट हुए। इस समय पूरा ऑस्ट्रेलियाई मीडिया विराट कोहली का मजाक उड़ाने में लगा है। अब आलम ये है कि आईपीएल में उनके पुराने कोच रहे साइमन कैटिच ने भी पूर्व भारतीय कप्तान पर विवादित बयान दिया है जिससे पूरे क्रिकेट जगत में खलबली मच गई है।
साल 2024 में विराट कोहली का फॉर्म बेहद खराब रहा। क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ की दूसरी पारी में लगाए गए शतक को छोड़ दें तो बाकी पारियों में वो बिल्कुल बेअसर साबित हुए। एक तरह कोहली के बल्ले में जंग लग गई है, तो दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर्स उनका मजाक उड़ाने से पीछे नहीं हट रहे हैं। अब इस लिस्ट में साइमन कैटिच का नाम जुड़ गया है जो RCB के पूर्व कोच भी रह चुके हैं।
मर चुका है किंग!
मेलबर्न में खेले गए बॉक्सिंग डे टेस्ट में जब विराट कोहली सस्ते में पवेलियन लौट रहे थे तब कमेंट्री के दौरान साइमन कैटिच ने बड़ा बयान दे दिया। कैटिच ने कहा, ''किंग मर चुका है। वो चुपचाप चला गया और अब किंग बुमराह ने उनकी कमान संभाल ली है। कोहली खुद से निराश दिख रहे हैं, यह उनके लिए एक बड़ी पारी थी। वो कम रन बनाकर आउट हो गए। लंच से पहले भारत ने 33 रन पर 3 विकेट खो दिए हैं और इस स्थिति से ऑस्ट्रेलिया बहुत खुश होगा।''
बता दें कि इस दौरे से पहले तक ऑस्ट्रेलिया में विराट कोहली का रिकॉर्ड शानदार था। जब 2014 में उन्होंने टेस्ट सीरीज में 4 शतक जड़ा था तब इसी देश ने उन्हें 'किंग कोहली' का टैग दिया था। अब जब वो संघर्ष कर रहे हैं तब मीडिया से लेकर पूर्व खिलाड़ी तक उनका मजाक उड़ा रहे हैं। इस शृंखला में कोहली ने अभी तक 4 मैचों में सिर्फ 167 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 27.83 का रहा है।
Advertisement
बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया 2-1 से आगे
5 मैचों की टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है। पर्थ में मिली शानदार जीत के बाद टीम इंडिया का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा का खराब फॉर्म इस दुर्दशा की सबसे बड़ी वजह साबित हो रही है। दोनों टीम के बीच शृंखला का आखिरी टेस्ट 3 जनवरी से 7 जनवरी के बीच सिडनी में खेला जाएगा। देखना दिलचस्प होगा कि साल 2025 में विराट और रोहित की किस्मत बदलती है या नहीं।