IPL 2026: सनराइजर्स हैदराबाद के मैच में कप्तान ईशान किशन से क्यों भिड़ गया उनकी ही टीम का ये खिलाड़ी? जानें पूरा मामला; VIDEO
IPL 2026 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद के इंट्रा-स्क्वाड मैच में हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। इस दौरान स्पिनर जीशान अंसारी और कप्तान ईशान किशन के बीच मैदान पर तीखी बहस हुई।
- खेल समाचार
- 3 min read

IPL 2026 की शुरूआत में अब कुछ ही दिन बचे हैं, लेकिन मैदान पर रोमांच और तकरार अभी से शुरू हो गई है। 21 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के एक अभ्यास मैच के दौरान एक ऐसी घटना घटी, जिसने सोशल मीडिया पर खलबली मचा दी है। दरअसल, मैच के दौरान युवा स्पिनर जीशान अंसारी अपने ही टीम के कप्तान ईशान किशन से भिड़ गए, जो ताबड़तोड़ बैटिंग कर रहे थे। हालांकि इस तीखी नोक-झोंक और बहस को आक्रामक सेलिब्रेशन भी बताया जा रहा है। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?
क्यों भिड़े दोनों खिलाड़ी?
दरअसल, हैदराबाद की टीम अपनी तैयारियों को परखने के लिए आपस में ही खेल रही थी। 'सनराइजर्स B' की ओर से बल्लेबाजी कर रहे ईशान किशन और लियाम लिविंगस्टोन ताबड़तोड़ रन बना रहे थे। इस दौरान पारी के 8वें ओवर में ईशान किशन ने स्पिनर जीशान अंसारी के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया और एक ही ओवर में 20 रन कूट दिया।
तभी ओवर की आखिरी गेंद पर जीशान ने वापसी की और ईशान किशन का विकेट चटका दिया। विकेट मिलते ही जीशान अपना आपा खो बैठे और उन्होंने बेहद आक्रामक अंदाज में जश्न मनाने लगे। जश्न के सुर में जीशान ने गुस्से में ईशान किशन को उंगली दिखाकर पवेलियन लौटने का इशारा कर दिया। हालांकि आमतौर पर प्रैक्टिस मैचों में खिलाड़ी एक-दूसरे के साथ मजाक करते हैं, लेकिन यहां जीशान का बर्ताव काफी गंभीर नजर आया, जो वायरल हो गया।
मैदान पर हुई तकरार
जीशान के इस व्यवहार पर ईशान किशन थोड़े हैरान हुए और फिर दोनों के बीच कुछ कहा-सुनी भी हुई। हालांकि, टीम के सीनियर खिलाड़ी और कप्तान होने के नाते ईशान किशन ने मैच की मर्यादा बनाए रखी। वह जीशान के इस 'एग्रेशन' पर मुस्कुराते हुए मैदान से बाहर चले गए, जिससे मामला शांत हो गया। सोशल मीडिया पर फैंस इस वीडियो को देखकर हैरान हैं कि एक युवा खिलाड़ी अपने ही कप्तान के साथ ऐसा व्यवहार कैसे कर सकता है।
Advertisement
SRH के लिए कप्तानी का नया समीकरण
इस सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्तान पैट कमिंस चोट के कारण शुरुआती कुछ मैचों से बाहर हो गए हैं। इसलिए उनकी अनुपस्थिति में बोर्ड ने ईशान किशन को टीम की कमान सौंपी है। ऐसे में कप्तानी संभालने से पहले ही टीम के भीतर इस तरह की तकरार चिंता का विषय हो सकती है।
28 मार्च को RCB से पहला मुकाबला
IPL 2026 का पहला मैच 28 मार्च को खेला जाएगा, जो बेहद धमाकेदार होने की उम्मीद है। क्योंकि एक तरफ जहां डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू होगी, वहीं दूसरी ओर हैदराबाद की टीम ईशान किशन की कप्तानी में खेलेगी। ऐसे में टीम अपने अभियान की शुरूआत आक्रामक रूप में कर सकती है।