अपडेटेड 22 March 2026 at 20:06 IST
IPL 2026: तो क्या ऋषभ पंत छोड़ रहे हैं लखनऊ की टीम? मालिक संजीव गोयनका ने बता दिया सच, जानिए खुद को क्यों कहा 'पंचिंग बैग'
आईपीएल 2026 की धमाकेदार शुरुआत से ठीक पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के मालिक संजीव गोयनका ने कप्तान ऋषभ पंत को लेकर सोशल मीडिया पर मचे हंगामे को सिरे से खारिज कर दिया।
- खेल समाचार
- 2 min read

आईपीएल 2026 की धमाकेदार शुरुआत से ठीक पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के मालिक संजीव गोयनका ने कप्तान ऋषभ पंत को लेकर सोशल मीडिया पर मचे हंगामे को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पंत टीम में बरकरार रहेंगे और ये अफवाहें उन्हें सिर्फ हंसाती हैं। गोयनका ने खुलासा किया कि आईपीएल सीजन के दौरान वे सोशल मीडिया पर लोगों का 'पंचिंग बैग' बन जाते हैं।
हर सीजन में पंत के भविष्य को लेकर अटकलें जोरों पर होती हैं। कभी टीम में रहेंगे, कभी नहीं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "कुछ प्लेटफॉर्म्स तो बस व्यूज के भूखे हैं। मैं इन पर सिर्फ मुस्कुरा देता हूं।"
IPL 2025: पंत का बल्ला और कप्तानी पर सवाल
आपको बता दें कि पिछले सीजन में पंत का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। 14 मैचों में महज 269 रन ठोक सके, जो 2017 के बाद उनका सबसे कमजोर प्रदर्शन था। कप्तानी पर भी उंगलियां उठीं, क्योंकि LSG 10 टीमों में सातवें पायदान पर सिमट गई।
Advertisement
गोयनका ने किया पंत का बचाव
पंत का डटकर बचाव करते हुए गोयनका बोले, "किसी कप्तान के पास चार फिट तेज गेंदबाज न हों, तो वो जादू क्या दिखाएगा? परिस्थितियों को समझना जरूरी है। पंत पर मेरा पूरा यकीन है।"
Advertisement
27 करोड़ की बोली का बोझ और टीम की भूलें
आईपीएल 2025 से पहले 27 करोड़ की रिकॉर्ड बोली से पंत लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी बने, लेकिन ऊंची कीमत और टीम की चोटों ने उनके खेल को प्रभावित किया। गोयनका ने कबूल किया कि पिछले साल ट्रॉफी की दौड़ में हम तैयार ही नहीं थे। ऑक्शन और टीम बिल्डिंग में गलतियां हुईं। लेकिन 2026 के लिए हमने सब सुधार लिया है।"
IPL 2026 में LSG की लाइनअप
- मयंक यादव लगभग फिट
- मोहसिन खान और आवेश खान रेडी
- एनरिक नोर्किया को 2 करोड़ में सस्ते में लिया
- जोस इंग्लिस पर 8 करोड़ खर्च
गोयनका ने कहा, “लोग कहते हैं कि इंग्लिस के लिए 8 करोड़ ज्यादा हैं, लेकिन मुझे लगता है यह शानदार डील है। अगर मैं नोर्किया को 2 करोड़ में लेता हूं, तो मुझे इंग्लिस को लेने की आजादी मिलती है।” LSG अपना पहला मैच 1 अप्रैल को अपने घरेलू मैदान पर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलेगी। आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 22 March 2026 at 20:06 IST