अपडेटेड 6 February 2026 at 23:41 IST
भारत के U-19 वर्ल्ड कप जीतने पर खिलाड़ियों के घर जश्न का माहौल,पंजाब से लेकर बिहार तक आतिशबाजी; जानें वैभव की ऐतिहासिक पारी पर पिता ने क्या कहा
भारतीय टीम के अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने पर पूरे देश में जश्न का माहौल है। पंजाब से लेकर बिहार तक खिलाड़ियों के घरों में आतिशबाजी हो रही है। जानते हैं खिलाड़ियों के माता-पिता ने बच्चों की शानदार जीत पर क्या कहा?
- खेल समाचार
- 6 min read

अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर छठी बार यह खिताब अपने नाम कर लिया। भारत की इस शानदार जीत पर पूरे देश में जश्न का माहौल है। U-19 वर्ल्ड कप टीम को बधाई देने का सिलसिला जारी है। तो खिलाड़ियों के घरों पर भी जश्न शुरू हो गया। पंजाब से लेकर बिहार तक सड़कों पर आतिशबाजी की जा रही है। खिलाड़ियों के माता-पिता बच्चों की सफलता पर फूले नहीं समा रहे हैं। आईए जानते हैं इस ऐतिहासिक जीत पर खिलाड़ियों के पेरेंट्स ने क्या कहा?
अंडर-19 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला शुक्रवार, 6 फरवरी को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में भारत बनाम इंग्लैंड के बीच खेला गया। वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी के बदौलत भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 300 रन पर ही सिमट गई। भारत की इस शानदार जीत पर देश में जश्न शुरू हो गया।
समस्तीपुर में वैभव सूर्यवंशी के आवास पर आतिशबाजी
भारतीय टीम ने एक बार फिर से क्रिकेट की दुनिया में अपनी बादशाहत कायम की है। इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर भारत ने U-19 वर्ल्ड कप पर कब्जा कर लिया है। इस जीत पर खिलाड़ियों के घरों पर जश्न का माहौल है। वीडियो भारतीय U-19 पुरुष क्रिकेट टीम के खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के आवास से है। यहां जमकर आतिशबाजी हो रही है। घर वाले झूमते-नाचते नजर आ रहे हैं।
झज्जर, पटियाला में भी खिलाड़ियों के घर दिवाली
हरियाणा के झज्जर में भारतीय U-19 पुरुष क्रिकेट टीम के खिलाड़ी कनिष्क चौहान के घर भी आतिशबाजी हो रही है। परिवार के सदस्य नाचकर जश्न मना रहे हैं। तो पंजाब के पटियाला में खिलाड़ी विहान मल्होत्रा के आवास पर आतिशबाजी हो रही है। भारत की इस शानदार जीत पर पर खिलाड़ियों के माता-पिता तो खुशी से झुम रहे हैं। मिठाइयां बांटी जा रही है।
Advertisement
मुझे बेटे को गले लगाने का इंतजार है- विहान की मां
भारतीय क्रिकेटर विहान मल्होत्रा की माता पूनम मल्होत्रा ने कहा, "हम बहुत खुश हैं, इस दिन के लिए बच्चों ने बहुत मेहनत की है। मुझे बेटे(विहान) को गले लगाने का इंतजार है। बहुत अच्छा लग रहा है, हम भगवान का शुक्रियाअदा करते हैं।" वहीं, विहान के पिता मनोज मल्होत्रा ने कहा, "बहुत बड़ी जीत है और मेरा बेटा उस जीत में शामिल है तो यह और खुशी की बात है। विश्व कप जीतना एक उपलब्धि होती है। बहुत-बहुत खुशी है। उसने न सिर्फ पंजाब बल्कि पूरे भारत का नाम रोशन किया है, अब उसके आने का इंतजार है फिर हम बहुत बड़ा जश्न मनाएंगे।"
बच्चों ने भारत के लिए अच्छा खेला-कनिष्क की मां
कप्तान आयुष म्हात्रे के पिता योगेश कमलाकर म्हात्रे ने कहा, "हम बहुत खुश हैं। वह इतने सालों से कड़ी मेहनत कर रहा था, और आज नतीजा सबके सामने है। यह जिंदगी भर की उपलब्धि है। अपनी खुशी जाहिर करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। हमें उस पर बहुत गर्व है।"भारतीय खिलाड़ी कनिष्क चौहान की माता सरिता चौहान ने कहा, "उसने जो सोचा था वही किया है, विश्व कप जिताया है और भारत के लिए अच्छा खेला है।"
Advertisement
खुशी शब्दों में बयां करना मुश्किल-वेदांत त्रिवेदी के पिता
गुजरात के खिलाड़ी वेदांत त्रिवेदी के पिता अल्पेश त्रिवेदी ने भारत की अंडर-19 विश्व कप में जीत पर कहा, “मैं बहुत खुश हूं, इसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। सभी ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। मैं और मेरा पूरा परिवार बहुत खुश है।”
वैभव सूर्यवंशी के पिता ने क्या कहा?
वहीं, बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी के पिता संजीव सूर्यवंशी ने भारत की अंडर-19 विश्व कप में जीत पर कहा, "मुझे बहुत खुशी है कि वैभव ने बहुत अच्छा खेला। सभी लड़कों ने बहुत अच्छा खेला। वैभव ने एक ऐतिहासिक पारी खेली। हमें बहुत गर्व महसूस हो रहा है। पूरा देश खुश है और जश्न मना रहा है। बेटे ने बहुत मेहनत की और सबके आशीर्वाद से भारत ने जीत दर्ज कर ली है।"
बिहार के लाल ने रचा इतिहास
बता दें कि U19 वर्ल्ड कप के फाइनल में बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी असली हीरो रहे। वैभव ने महज 80 गेंदों का सामना करते हुए 175 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली। उन्होंने न केवल फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर बनाया बल्कि एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने और 55 गेंदों में दूसरी सबसे तेज सेंचुरी ठोकने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। वैभव ने मैदान के हर तरफ चौके-छक्के से तबाही मचा दी।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 6 February 2026 at 23:32 IST