भारत ने न्यूजीलैंड को उसके ही घर में रौंदा, रोक दिया 7 सालो से चला आ रहा विजय रथ; 22 रनों से हरा ODI सीरीज पर किया कब्जा; जानिए किसने किया चमत्कार
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी एवं निर्णायक मुकाबला रविवार (15 नवंबर) को खेला गया। माउंट माउंगानुई के बे ओवल में आयोजित इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 22 रनों से जीत हासिल की।
- खेल समाचार
- 4 min read

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी एवं निर्णायक मुकाबला रविवार (15 नवंबर) को खेला गया। माउंट माउंगानुई के बे ओवल में आयोजित इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 22 रनों से जीत हासिल की। इस जीत ने भारत को 3-1 से वनडे सीरीज जिता दिया। न्यूजीलैंड की टीम घर पर लगातार 11 वनडे सीरीज जीत चुकी थी। अब टीम इंडिया ने उसका विजय रथ रोक दिया है।
इस मैच में भारतीय गेंदबाजों का योगदान सबसे अहम रहा जिन्होंने कम लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 42.1 ओवर में 209 रन बनाए थे। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 48.1 ओवर में 187 रन पर सिमट गई। भारतीय बल्लेबाजों के एक बार फिर निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद गेंदबाजों ने टीम को जीत दिलाई। अर्शदीप सिंह ने तीन, जबकि मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए। अक्षर ने बल्ले से भी 46 रन का योगदान दिया।
भारतीय बल्लेबाजों का नहीं चला बल्ला
श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम से उम्मीद थी कि वह दो दिन पहले इसी मैदान पर चौथे वनडे में 89 रन पर आउट होने के बाद बेहतर प्रदर्शन करेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके लिए अच्छी शुरुआत की जरूरत थी लेकिन रोहित शर्मा फिर से नहीं चल पाए और केवल सात रन बनाकर आउट हो गए। मैथ्यू फिशर की गेंद पर बेमन से खेला गया उनका शॉट शॉर्ट मिड-विकेट पर डीन फॉक्सक्रॉफ्ट के हाथों में चला गया। विराट कोहली (05) भी जल्द ही आउट हो गए। फिशर की बाहर जाती गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर विकेटकीपर टिम सीफर्ट के हाथों में चली गई जिन्होंने डाइव लगाकर शानदार कैच लिया।
Advertisement
रुतुराज गायकवाड़ (18) भी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए। गायकवाड़ ने जैकब डफी की गेंद पर ड्राइव करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर सीफर्ट के दस्तानों में समा गई। भारत का स्कोर तीन विकेट पर 34 रन हो गया। अगर कवर पर खड़े फॉक्सक्रॉफ्ट ने डफी की गेंद पर अक्षर पटेल का कैच नहीं छोड़ा होता तो स्कोर चार विकेट पर 34 रन हो जाता। श्रेयस (22) और अक्षर (46) ने चौथे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी करके वापसी की उम्मीद जगाई लेकिन ब्लेयर टिकनर ने इस साझेदारी को तोड़ दिया क्योंकि श्रेयस एक बार फिर शॉर्ट पिच गेंद पर आउट हो गए। माइकल ब्रैसवेल ने अक्षर को अर्धशतक पूरा नहीं करने दिया। उन्होंने इस ऑफ स्पिनर की गेंद पर सर्कल के अंदर विल यंग को आसान कैच दिया।
डफी के एक ओवर में दो छक्के जड़ने वाले ईशान किशन (46) और नमन धीर (22) ने छठे विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी करके भारतीय पारी में जान फूंकने की कोशिश की लेकिन न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर (47 रन देकर तीन विकेट) ने यहां पर अपना जलवा दिखाया। उन्होंने धीर को पवेलियन भेज दिया जबकि किशन ने रन गति बढ़ाने के प्रयास में डफी की गेंद पर अपना विकेट गंवा दिया। अर्शदीप सिंह (14) और मोहम्मद सिराज (नाबाद 14) के कुछ जोरदार शॉट के दम पर भारत 200 रन की संख्या पार करने में सफल रहा।
Advertisement
गंभीर के नेतृत्व में विदेशी धरती पर पहली वनडे सीरीज जीती
भारत ने न्यूजीलैंड के इस शानदार रिकॉर्ड पर रोक लगा दी। दिलचस्प बात यह है कि न्यूजीलैंड को अपने घर में पिछली बार वनडे सीरीज में भी भारत ने ही हराया था। उसे 2019 में भारत के खिलाफ ही हार मिली थी। भारतीय मुख्य कोच गौतम गंभीर के लिए भी यह जीत खास रही। भारत के मुख्य कोच के रूप में यह उनकी घर से बाहर पहली वनडे सीरीज जीत है। इससे पहले 2024 में न्यूजीलैंड ने भारत में टेस्ट क्रिकेट का 12 साल और 18 सीरीज से चला आ रहा अजेय अभियान खत्म किया था। अब भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के घरेलू वनडे रिकॉर्ड पर रोक लगाकर जवाब दिया है।