अपडेटेड 2 March 2026 at 18:25 IST
IND vs AFG: अफगानिस्तान की टीम के भारत दौरे का ऐलान, एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों की होगी सीरीज, जानिए पूरा शेड्यूल
India Schedule After IPL 2026: भारतीय टीम जून 2026 में अफगानिस्तान की मेजबानी करेगी। इस दौरे पर एक टेस्ट और तीन वनडे मैच खेले जाएंगे। शेड्यूल के मुताबिक, भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट मैच 6 जून से 10 जून के बीच न्यू चंडीगढ़ के हाल ही में बने स्टेडियम में खेला जाएगा।
- खेल समाचार
- 2 min read

India Schedule After IPL 2026: BCCI ने सोमवार को अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के भारत दौरे पर आधिकारिक कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इसके अंतर्गत जून 2026 में होने वाला यह दौरा अफगानिस्तान के लिए ऐतिहासिक होने वाला है, क्योंकि इसमें दोनों देशों के बीच एक टेस्ट मैच और 3 वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी।
बता दें, भारतीय टीम का यह दौरा IPL 2026 के तुरंत बाद खेला जाएगा, जिसका फाइनल मुकाबला 31 मई को होने की संभावना जताई जा रही है। अफगानिस्तान का दौरा 6 जून से शुरू होकर 20 जून 2026 तक चलेगा। इसके बाद भारतीय टीम थ्री लॉयन्स के साथ मुकाबले के लिए इंग्लैंड जाएगी। वहां भारतीय टीम 5 टी20 और 3 वनडे खेलेगी।
कब और कहां होंगे मुकाबले?
टी20 क्रिकेट में अक्सर एक-दूसरे के सामने आने वाली ये दोनों टीमें लंबे समय बाद लाल गेंद के खेल में एक-दूसरे को चुनौती देती नजर आएंगी। शेड्यूल के मुताबिक, भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट मैच 6 जून से 10 जून के बीच न्यू चंडीगढ़ के नवनिर्मित स्टेडियम में खेला जाएगा।
टेस्ट मैच के बाद दोनों टीमें सफेद गेंद से भिड़ेंगी। वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 14 जून को धर्मशाला स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा वनडे 17 जून को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में और सीरीज का आखिरी मैच 20 जून को चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में आयोजित होगा। ये सभी वनडे मुकाबले भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होंगे।
Advertisement
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
बता दें, भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक केवल एक टेस्ट मैच खेला गया है, जो 2018 में बेंगलुरु में हुआ था। उस मैच को भारत ने पारी और 262 रनों के बड़े अंतर से जीता था। वनडे की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 4 मुकाबले हुए हैं, जिनमें से 3 में भारत को जीत मिली है और एक मैच टाई रहा।
अफगानिस्तान की टीम, जो टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 में जगह नहीं बना सकी, अब अपने नए कोच रिचर्ड पायबस के साथ भारत के खिलाफ खुद को साबित करना चाहेगी। वहीं, टीम इंडिया इस सीरीज का इस्तेमाल वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियों के आगाज के रूप में करेगी।
Advertisement
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 2 March 2026 at 18:25 IST