अपडेटेड 20 March 2025 at 20:23 IST
हार्दिक पांड्या को सजा देकर BCCI ने ऐसा क्या किया? माथा पीट रहे मुंबई इंडियंस के फैंस, जानें पूरा मामला
IPL 2025 Rules: आईपीएल 2025 से पहले बीसीसीआई ने जो नियम में बदलाव किया है, उसके बारे में जानकर आपको भी लगेगा कि हार्दिक थोड़े अनलकी हैं।
- खेल समाचार
- 3 min read

IPL 2025 Rules: दुनिया की सबसे बड़ी और लोकप्रिय क्रिकेट लीग IPL को लेकर दुनियाभर के फैंस का जोश हाई रहता है। 22 मार्च से आईपीएल 2025 का आगाज होने जा रहा है। 18वें सीजन से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने नियम में कुछ बड़े बदलाव किए हैं। नए नियम के तहत बीसीसीआई ने एक ऐसा फैसला लिया है, जिससे मुंबई इंडियंस और खास तौर से हार्दिक पांड्या के फैंस तो बिल्कुल खुश नहीं हैं। आइए जानते हैं आखिर पूरा मामला क्या है।
5 बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस आईपीएल 2025 में अपने सफर की शुरुआत 23 मार्च को करेगी। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होने वाले इस ब्लॉकबस्टर मुकाबले में MI के कप्तान हार्दिक पांड्या नहीं खेलेंगे। पिछले साल तीन मैचों में स्लो ओवर रेट के कारण हार्दिक पर एक मैच का प्रतिबंध लगा है।
BCCI ने बदला नियम
हार्दिक पांड्या पिछले साल की गलती की सजा इस सीजन के पहले मैच में भुगतेंगे। हालांकि, आईपीएल 2025 से पहले बीसीसीआई ने जो नियम में बदलाव किया है, उसके बारे में जानकर आपको भी लगेगा कि हार्दिक थोड़े अनलकी हैं। दरअसल, भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने इस नियम में बड़ा बदलाव कर दिया है।
बीसीसीआई के नए नियम के अनुसार आईपीएल 2025 में स्लो ओवर रेट के कारण किसी कप्तान को बैन नहीं किया जाएगा। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, बोर्ड ने घोषणा की है कि धीमी ओवर गति के कारण कप्तानों पर अब मैच प्रतिबंध नहीं लगेगा। इसके बजाय उन्हें डिमेरिट अंक मिलेंगे, केवल अत्यंत गंभीर परिस्थितियों में ही प्रतिबंध लगाया जाएगा।
Advertisement
स्लो ओवर रेट नियम में बदलाव
एक सूत्र ने क्रिकबज को बड़ी जानकारी देते हुए कहा कि कप्तान को डिमेरिट पॉइंट्स से दंडित किया जाएगा, लेकिन धीमी ओवर-रेट के लिए मैच प्रतिबंध का सामना नहीं करना पड़ेगा। लेवल 1 के अपराध में 25 से 75 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगेगा, साथ ही डिमेरिट पॉइंट्स भी होंगे, जो तीन साल तक सक्रिय रहेंगे। लेवल 2 के अपराध के गंभीर परिणाम होंगे, और इसके परिणामस्वरूप चार डिमेरिट पॉइंट्स होंगे।
CSK के खिलाफ नहीं खेलेंगे हार्दिक पांड्या
BCCI ने जो नियम में बदलाव किए हैं, वो आईपीएल 2025 के पहले मैच से लागू होगा। हालांकि, हार्दिक पांड्या 23 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होने वाला मैच मिस करेंगे, क्योंकि उनपर प्रतिबंध पिछले साल के नियम के आधार पर लगाया गया था।
Advertisement
11 ओवर बाद बदल जाएगी गेंद
आईपीएल 2025 के लिए बीसीसीआई ने एक और नियम लागू करने पर विचार किया है। मैच के दौरान ओस के प्रभाव को कम करने के लिए दूसरी पारी में 11 ओवर के बाद नई गेंद का इस्तेमाल किया जा सकता है। बता दें कि ये नियम सिर्फ दूसरी पारी में ही लागू किया जाएगा। बीसीसीआई के इस नियम के तहत दूसरी पारी में 11 ओवर खत्म होने के बाद गेंदबाजी टीम को एक नई गेंद दी जाएगी। गेंद को बदलने का निर्णय ओस की उपस्थिति पर आधारित होगा और गेंद बदलनी है या नहीं, इसका फैसला अंपायर करेंगे।
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 20 March 2025 at 20:23 IST