अपडेटेड 3 July 2025 at 22:10 IST
Shubman Gill: इंग्लैंड में गिल के दोहरे शतक से योगराज सिंह गदगद, क्यों की युवराज सिंह और गौतम गंभीर की तारीफ
शुभमन गिल की पारी से युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह बेहद खुश नजर आए, लेकिन इस मौके पर वो अपने बेटे और गौतम गंभीर की तारीफ करना नहीं भूले।
- खेल समाचार
- 2 min read

Shubman Gill Double Century : भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में कप्तान शुभमन गिल ने अंग्रेजी गेंदबाजों की लाइन और लेंथ खराब करदी। शुभमन ने 30 चौके और 3 छक्कों की मदद से 387 गेंदों पर 269 रन बनाएं। शुभमन गिल अब टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं।
बतौर कप्तान शुभमन गिल का ये दूसरा ही टेस्ट मैच है। कप्तान की भूमिका में उन्होंने तीसरी ही पारी में पहाड़ जैसे कई रिकॉर्ड बना दिए हैं। उनकी इस ऐतिहासिक पारी की हर कोई तारीफ कर रहा है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर योगराज सिंह भी गिल की पारी से गदगद हो गए हैं। उन्होंने कहा कि शुभमन गिल एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं, लेकिन वो अपने बेटे युवराज सिंह की तारीफ करने से भी नहीं चूके। उन्होंने कहा-
"युवराज सिंह ने व्यक्तिगत रूप से शुभमन गिल को कोचिंग दी है। खिलाड़ियों को कोचिंग कैसे दी जाती है, यह युवराज सिंह और गौतम गंभीर से सीखना चाहिए। अगर ब्रायन लारा 500 रन बना सकते हैं, तो हम क्यों नहीं..."
शुभमन गिल ने तोड़ कई रिकॉर्ड
शुभमन के टेस्ट करियर का ये पहला दोहरा शतक है। इसके साथ ही इंग्लैंड की धरती पर 250+ रन बनाने वाले वो पहले और 200 रन बनाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले 1979 में सुनील गावस्कर 221 रन और 2002 में राहुल द्रविड़ ने 217 रन बनाए थे। गिल की यह पारी इसलिए भी खास है क्योंकि वह पहले भारतीय कप्तान हैं, जिन्होंने इंग्लैंड में टेस्ट डबल सेंचुरी बनाई।
ऐसा करने वाले पहले एशियाई कप्तान
अभी तक इस मैदान पर भारत की तरफ से सबसे अधिक 149 रन विराट कोहली ने 2018 में बनाएं थे। ये अभी तक किसी भारतीय कप्तान द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर था। वो पहले ऐसे एशियाई कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने इंग्लैंड में टेस्ट डबल सेंचुरी बनाई। इससे पहले श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान ने 2011 में लॉर्ड्स में 193 रन बनाए थे, जो किसी एशियाई कप्तान का बेस्ट स्कोर था।
Advertisement
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 3 July 2025 at 22:10 IST