अपडेटेड 9 August 2024 at 20:53 IST
IPL में किसी नई टीम का कोच बनना चाहता है ये दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी
IPL के आगामी सीजन से पहले मेगा ऑक्शन होने वाला है और इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के एक दिग्गज खिलाड़ी ने IPL में नई टीम की कोचिंग करने की इच्छा जताई है।
- खेल समाचार
- 2 min read

IPL 2025: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी रिकी पोंटिंग (Ricky Ponting) दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के साथ करार खत्म होने के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में किसी अन्य टीम के साथ कोच के तौर जुड़ने के इच्छुक हैं।
ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल कप्तानों में से एक पोंटिंग ने कहा कि दिल्ली की फ्रेंचाइजी किसी भारतीय को मुख्य कोच बना सकती है। पोंटिंग के सात साल के कार्यकाल के बाद पिछले महीने दिल्ली कैपिटल्स के उन्हें मुख्य कोच के पद से हटाने का फैसला किया था। टीम को अपने कार्यकाल में एक भी खिताब नहीं दिला पाने के कारण उन्हें इस फ्रेंचाइजी से अलग होना पड़ा। वो हालांकि फिर से किसी टीम से जुड़ने के लिए तैयार हैं।
IPL में कोचिंग को लेकर क्या बोले पोंटिंग?
पोंटिंग ने कहा-
Advertisement
मैं IPL में फिर से कोचिंग देना पसंद करूंगा। IPL से जुड़ने के बाद हर साल मैंने बहुत अच्छा समय बिताया, चाहे वह एक खिलाड़ी के रूप में शुरुआती दिन हों या दो साल तक मुंबई के कोच के रूप में बिताया समय हो।
पोंटिंग ने ICC पॉडकास्ट में कहा-
मैंने दिल्ली की टीम के साथ सात सीजन बिताए हैं। इस दौरान हम दुर्भाग्यवश उस तरह से काम नहीं कर पाए जैसा मैं चाहता था और निश्चित रूप से उस तरह से नहीं हुआ जैसा फ्रेंचाइजी चाहती होगी। मैं टीम को खिताब दिलाने की कोशिश कर रहा था और ऐसा नहीं हुआ।
पोंटिंग ने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स को किसी ऐसे खिलाड़ी की तलाश हो सकती है जो सत्र के बाद भी फ्रेंचाइजी में अधिक समय दे सके। उन्होंने कहा-
Advertisement
ये फ्रेंचाइजी किसी भारतीय को मुख्य कोच बनाने की कोशिश कर रही है। वो ऐसे कोच को ढूंढ़ रहे हैं जो सत्र के बाद भी उन्हें समय दे सके।
बता दें कि इस साल ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने दिल्ली कैपिटल्स की कमान संभाली थी। उन्होंने सड़क हादसे में बुरी तरह चोटिल होने के कारण करीब 2 साल बाद वापसी की थी।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 9 August 2024 at 20:53 IST