अपडेटेड 19 September 2025 at 21:11 IST
तुम्हारे पिता का निधन हो गया... मैदान पर दुखद खबर सुनते ही रोने लगे श्रीलंकन खिलाड़ी, कलेजा चीर देगा VIDEO
Dunith Wellalage Father Demise: किसी को खोने का गम कैसा होता है, ये वही समझ सकता है, जिसके साथ ये कहानी हुई है। दुनिथ वेलालागे मैदान पर ही टूट गए। बाकी खिलाड़ी और मैनजर उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन 22 साल के वेलालागे अपने इमोशन को कंट्रोल नहीं कर सके और रोने लगे।
- खेल समाचार
- 3 min read

Dunith Wellalage Father Demise: एशिया कप 2025 के बीच श्रीलंका के उभरते हुए सितारे दुनिथ वेलालागे के सिर पर दुखों का पहाड़ टूट गया। गुरुवार को श्रीलंका का मुकाबला अफगानिस्तान से हुआ। श्रीलंकन टीम ने अफगान को 6 विकेट से हराकर सुपर-4 में अपनी जगह पक्की की। टीम में जश्न का माहौल था, लेकिन ये जश्न थोड़ी देर में ही मातम में बदल गया। मैच खत्म होने के बाद टीम के मैनेजर मैदान पर आए और उन्होंने वेलालागे को उनके पिता के निधन के बारे में दुखद खबर दी।
किसी को खोने का गम कैसा होता है, ये वही समझ सकता है, जिसके साथ ये कहानी हुई है। दुनिथ वेलालागे मैदान पर ही टूट गए। बाकी खिलाड़ी और मैनजर उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन 22 साल के वेलालागे अपने इमोशन को कंट्रोल नहीं कर सके और रोने लगे।
मैदान पर रोने लगे दुनिथ वेलालागे
सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें देख सकते हैं कि अफगानिस्तान के खिलाफ श्रीलंका की जीत के बाद टीम के मैनेजर दौड़कर दुनिथ वेलालागे के पास आते हैं। वो उनके कान में कुछ कहते हैं और फिर जश्न मातम में बदल जाता है। पिता के निधन की खबर सुनने के बाद वेलालागे नम आंखों के साथ ड्रेसिंग रूम की तरफ भागते दिख रहे हैं। बता दें कि 22 वर्षीय ऑलराउंडर के पिता की मौत दिल का दौरा पड़ने की वजह से हुई।
कोच सनथ जयसूर्या ने लिखा इमोशनल पोस्ट
युवा खिलाड़ी दुनिथ वेलालागे के मुश्किल समय में श्रीलंका के हेड कोच और पूर्व महान खिलाड़ी सनथ जयसूर्या ने उनका हौसला बढ़ाया है। उन्होंने इमोशनल पोस्ट के जरिए लिखा कि श्री सुरंगा वेलालागे के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। वे एक पिता, एक क्रिकेटर और एक ऐसे व्यक्ति थे जिन्होंने एक ऐसे बेटे का पालन-पोषण किया जिस पर पूरे देश को गर्व है। दुनीथ, आपके पिता स्वयं एक क्रिकेटर थे, और उन्हें अपने बेटे पर सचमुच गर्व हो सकता है। उनके मूल्य, खेल के प्रति उनका प्रेम और उनकी आत्मा आपके माध्यम से जीवित है। मैं जानता हूँ कि आप कितने मजबूत हैं, और मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है कि आप श्रीलंका के लिए कई मैच जीतकर उन्हें गौरवान्वित करते रहेंगे।
Advertisement
सनथ जयसूर्या ने आगे लिखा कि इस मुश्किल घड़ी में, कृपया याद रखें कि आप अकेले नहीं हैं। मैं एक पिता की तरह आपके साथ रहूंगा। आपको मार्गदर्शन दूंगा। आपके साथ खड़ा रहूंगा और हर कदम पर आपका साथ दूंगा। पूरी टीम, पूरा देश और इस खेल से प्यार करने वाला हर व्यक्ति आपके साथ है। यह पल हम सभी को याद दिलाता है कि श्रीलंकाई लोगों में क्रिकेट के लिए कितना जुनून है। यह सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि एक परिवार है जो सुख-दुख में साथ खड़ा रहता है। ईश्वर आपके पिता की आत्मा को शांति दे और आपको अपने आस-पास के प्यार से शक्ति मिले।
इसे भी पढ़ें: IND vs OMAN: टॉस के समय सूर्या के अंदर समाई रोहित की आत्मा! प्लेइंग XI ही भूल गए, मजेदार VIDEO वायरल
Advertisement
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 19 September 2025 at 21:11 IST