अपडेटेड 24 December 2024 at 21:00 IST
Vinod Kambli: जब कांबली के सिर चढ़कर बोलती थी शोहरत... तो किन फिल्मों में आजमाया था हाथ?
Vinod Kambli News: एक वक्त था जब विनोद कांबली की क्रिकेट के मैदान में तूती बोलती थी। जब कांबली की शोहरत बुलंदी पर थी, तब उन्होंने बॉलीवुड में भी हाथ आजमाया।
- खेल समाचार
- 3 min read

Cricketer Vinod Kambli Film: भारत के पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली (Vinod Kambli) की हालत इन दिनों ठीक नहीं चल रही है। वो गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। इलाज के लिए उन्हें ठाणे के एक निजी अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है। जहां मंगलवार को उन्हें बुखार हो गया, लेकिन उनकी हालत स्थिर है। कांबली एक या दो दिन में ICU से बाहर आ सकते हैं। अगले 24 घंटों तक उनकी स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जाएगी।
विनोद कांबली फिलहाल आर्थिक तंगी से लेकर स्वास्थ्य तक मुश्किलों का सामना कर रहे हैं, लेकिन एक वक्त था जब उनकी क्रिकेट के मैदान में तूती बोलती थी। अपनी बल्लेबाजी से वो विरोधी टीम के होश उड़ा दिया करते थे। जब विनोद कांबली की शोहरत बुलंदी पर थी, तब उन्होंने बॉलीवुड में भी हाथ आजमाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। विनोद कांबली ने 3 फिल्मों में काम किया। तीनों में करोड़ों का नुकसान हुआ और करियर चौपट कर दिया।
2002 में आई पहली फिल्म
विवोद कांबली ने अपने बॉलीबुड करियर की शुरुआत साल 2002 में आई फिल्म 'अनर्थ' से की थी। जिसका निर्देशन रवि देवन ने किया था। इस फिल्म में संजय दत्त, सुनील शेट्टी, गौतम रोडे, प्रीति झंगियानी, आशुतोष राणा और गौतम रोडे जैसे बड़े कलाकार थे। बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म फिसड्डी साबित हुई थी। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म का बजट करीब 6 करोड़ रुपये का था। लेकिन फिल्म ने महज 4.57 करोड़ रुपये ही कमा पाई थी।
7 साल बाद कमबैक
फिल्म 'अनर्थ' के बाद विनोद कांबली ने 2 और फिल्मों में काम किया था, लेकिन एक भी फिल्म उनकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई। डेब्यू फिल्म पूरी तरह से फ्लॉप होने के बाद कांबली ने 7 साल बाद 2009 में फिल्म ‘पल पल दिल के पास’ से बॉलीवुड में कमबैक किया था। 'अनर्थ' की तरह ये फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई।
Advertisement
3 फिल्मों में ढेर होने के बाद कांबली बॉलीवुड से निराश होकर कन्नड़ फिल्मों में अपना हाथ आजमाने पहुंचे। उन्होंने 2015 में रिलीज हुई कन्नड फिल्म ‘Bettanagere’ में भी काम किया था। बाकी फिल्मों की तरह कांबली की ये फिल्म भी बुरी तरह पिट गई।
छोटे पर्दे पर भी ढेर
फिल्मों के अलावा विनोद कांबली ने छोटे पर्दे पर भी काम किया है। उन्होंने एक 'मिस इंडिया' नाम के टीवी सीरियल में काम किया था, जो 2004 में ऑनएयर हुआ था। इसके अलावा रियलिटी शो 'बिग बॉस सीजन 3' में बतौर कंटेस्टेंट हिस्सा लिया, इसके बाद 'कॉमेडी सर्कस 20-20' और 'कॉमेडी नाइट्स बचाओ' में नजर आए। फिल्मों की तरह टीवी पर भी फ्लॉप ही साबित हुए।
Advertisement
विनोद कांबली का करियर
विनोद कांबली ने साल 1993 में भारत के लिए डेब्यू किया था। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने भारत के लिए 17 टेस्ट और 104 वनडे मैच खेले। उन्होंने 1995 में अपना आखिरी टेस्ट और 2000 में अंतिम अंतरराष्ट्रीय एकदिवसीय मैच खेला। इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखने से पहले उन्होंने मुंबई के एक स्कूल टूर्नामेंट में सचिन तेंदुलकर के साथ मिलकर 664 रनों की साझेदारी कर क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया था।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 24 December 2024 at 21:00 IST