इतना पैसा कि कमरा भर जाए, BCCI ने टीम इंडिया के लिए खोली तिजोरी; जय शाह ने किया ऐलान
अपने 'शेरों' के लिए BCCI ने तिजारी खोल दी है। BCCI के सचिव जय शाह X पर टीम इंडिया को 125 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया है।
- खेल समाचार
- 2 min read

T20 World Cup 2024 Prize Money: ICC खिताब के लिये भारत का लंबा इंतजार विराट कोहली के बल्ले से निकली आग और रोहित शर्मा की ‘कूल’ कप्तानी के दम पर शनिवार को खत्म हुआ। भारत ने दक्षिण अफ्रीका को बेहद रोमांचक मैच में 7 रन से हराकर T20 विश्व कप जीत लिया। भारत T20 वर्ल्ड कप में दूसरी बार खिताब जीतने में सफल रहा है। पहली बार 2007 में टीम इंडिया को जीत मिली थी। अब विश्व विजेता खिलाड़ियों पर धनवर्षा शुरू हो गई है।
अपने 'शेरों' के लिए BCCI ने तिजोरी खोल दी है। BCCI के सचिव जय शाह ने X पर टीम इंडिया को 125 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया है। उन्होंने लिखा- ‘मुझे ICC पुरुष T20 विश्व कप 2024 जीतने के लिए टीम इंडिया के लिए 125 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में असाधारण प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और खेल कौशल का प्रदर्शन किया है। इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए सभी खिलाड़ियों, कोचों और सहयोगी स्टाफ को बधाई।’
विश्वविजेता भारत को कितनी पुरस्कार राशि मिली?
भारत ने T20 वर्ल्ड कप का खिताब दूसरी बार अपने नाम किया है। इस खिताब के साथ भारतीय टीम ने एक बड़ी राशि भी जीती है। ICC ने इस बार जमकर पैसा लुटाया है। विश्व विजेता भारत को 2.45 मिलियन डॉलर (20.42 करोड़ रुपये से अधिक की राशि) मिले हैं। इस बार ICC मेन्स T20 विश्व कप 2024 के विजेता को टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे अधिक राशि मिली है।
दक्षिण अफ्रीका को कितनी प्राइज मनी मिली?
इसको मानना होगा कि दक्षिण अफ्रीका की टीम ने जबरदस्त लड़ाई लड़ी है। एक वक्त पलड़ा दक्षिण अफ्रीका का भारी हो चुका था। खैर, दिलचस्प मुकाबले में दक्षिण अफ्रीफा के खाते में हार दर्ज हुई और दूसरे स्थान पर ही संतोष करना पड़ा। रनर-अप के तौर पर दक्षिण अफ्रीका को भी बड़ी धनराशि मिली है। उसे 1.28 मिलियन डॉलर (लगभग 10.67 करोड़ रुपये) मिले हैं।