DC vs LSG: आशुतोष शर्मा के करिश्मा से जीती दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ सुपर जायंट्स के जबड़े से छीनी जीत
DC vs LSG: आशुतोष शर्मा की करिश्माई पारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने बेहद रोमांचक मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को 1 विकेट से हरा दिया।
- खेल समाचार
- 2 min read

DC vs LSG: आशुतोष शर्मा की करिश्माई पारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने बेहद रोमांचक मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को 1 विकेट से हरा दिया। एक समय पर ये मैच ऋषभ पंत की अगुवाई वाली टीम के हाथ में था, लेकिन पिछले सीजन में अपनी बैटिंग से तबाही मचाने वाले आशुतोष शर्मा ने आईपीएल 2025 में भी धमाकेदार शुरुआत की और दिल्ली कैपिटल्स को हारी हुई बाजी जीता दी। आशुतोष शर्मा ने 31 गेंदों पर 66 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली।
विशाखापत्तनम में खेले गए मैच में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 209 रन बनाए। इसके जवाब में DC की शुरुआत बेहद खराब रही और उन्होंने महज 113 रन पर 6 विकेट गंवा दिए। ऐसा लगा कि दिल्ली कैपिटल्स के हाथ से ये मैच फिसल गया है, लेकिन उसके बाद आशुतोष शर्मा और आईपीएल में अपना डेब्यू कर रहे विपराज निगम ने मोर्चा संभाला और लखनऊ के खेमे में हड़कंप मचा दी।
आशुतोष-विपराज की पारी से जीती दिल्ली कैपिटल्स
जब विपराज निगम बैटिंग करने आए उस समय दिल्ली कैपिटल्स की गाड़ी पटरी से उतर चुकी थी। दूर-दूर तक जीत के चांस नहीं थे। उसके बाद उन्होंने आशुतोष शर्मा के साथ मिलकर ताबड़तोड़ अंदाज में बैटिंग की और लखनऊ के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। 15 गेंदों पर 39 रन बनाने के बाद विपराज निगम आउट हो गए और मैच एक बार फिर LSG की तरफ झुक गया, लेकिन आशुतोष शर्मा जब तक थे, तब तक दिल्ली की सांसें चल रही थी।
19वें ओवर में आशुतोष ने बनाए 16 रन
दिल्ली कैपिटल्स को आखिरी 2 ओवरों में जीत के लिए 22 रनों की दरकार थी और उनके हाथ में सिर्फ एक विकेट बाकी था। आशुतोष शर्मा ने 19वें ओवर में आक्रामक तेवर दिखाए और 16 रन बनाकर सनसनी मचा दी। अंतिम ओवर में दिल्ली को जीत के लिए 6 रन चाहिए थे। दूसरी गेंद पर मोहित शर्मा ने सिंगल लेकर आशुतोष को स्ट्राइक दिया और युवा खिलाड़ी ने छक्का लगाकर दिल्ली कैपिटल्स को हारी हुई बाजी जीता दी। आशुतोष ने 31 गेंदों पर 66 रन बनाए जिसमें 5 छक्के और 5 चौके शामिल हैं।