अपडेटेड 21 February 2025 at 23:35 IST

MI vs RCB: स्मृति की अरमानों पर हरमनप्रीत ने फेरा पानी, जीत की हैट्रिक नहीं लगा सकी आरसीबी, मुंबई इंडियंस ने हराया

विमेंस प्रीमियर लीग 2025 में जीत के रथ पर सवार चल रही आरसीबी पर मुंबई इंडियंस ने ब्रेक लगा दिया। हरमनप्रीत कौर की टीम ने RCB को 4 विकेट से हरा दिया।

Follow : Google News Icon  
Mumbai Indians won the inaugural edition of the WPL.
amanjot kaur helps as mumbai indians beat royal challengers bengaluru in wpl 2025 | Image: PTI

WPL 2025 RCB vs MI: विमेंस प्रीमियर लीग 2025 में जीत के रथ पर सवार चल रही आरसीबी पर मुंबई इंडियंस ने ब्रेक लगा दिया। शुक्रवार को बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मैच में हरमनप्रीत कौर की टीम ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को 4 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। आखिरी ओवर तक चले रोमांचक मैच में अमनजोत सिंह ने 27 गेंदों पर 34 रनों की कीमती पारी खेली। मुंबई इंडियंस को आखिरी दो ओवर में जीत के लिए 22 रन की दरकार थी। अमनजोत ने कनिका आहूजा की पहली गेंद पर ही छक्का लगाकर मैच में जान फूंक दी। इसके बाद उन्होंने इस ओवर की आखिरी गेंद पर एक और सिक्स जड़कर मैच को मुंबई इंडियंस की झोली में डाल दिया। 

आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद शुरुआती झटकाें के बावजूद सात विकेट पर 167 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। मुंबई की टीम ने 19.5 ओवर में छह विकेट पर 170 रन बनाकर वर्तमान सत्र में अपनी दूसरी जीत दर्ज की।

रोमांचक मैच में मुंबई इंडियंस ने RCB को हराया

आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एक समय उसका स्कोर चार विकेट पर 57 रन था। इसके बाद एलिसे पेरी ने केवल 43 गेंदों में 11 चौकों और दो छक्कों की मदद से 81 रन बनाकर टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया।

रिचा घोष (25 गेंदों पर 28) और कप्तान स्मृति मंधाना (13 गेंदों पर 26) ने भी आरसीबी की तरफ से उपयोगी योगदान दिया। मध्यम गति की गेंदबाज अमनजोत मुंबई की सबसे सफल गेंदबाज रही। उन्होंने 22 रन देकर तीन विकेट लिए। मुंबई ने भी यास्तिका भाटिया (08) का विकेट जल्दी गंवा दिया लेकिन उनकी जगह लेने के लिए उतरी नेट साइवर ब्रंट (21 गेंद पर 42 रन, नौ चौके) ने आते ही चौकों की झड़ी लगा दी। उन्होंने सलामी बल्लेबाज हेली मैथ्यूज (10 गेंद पर 15 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी करके पावर प्ले में मुंबई का स्कोर 66 रन पर पहुंचाया।

Advertisement

लेकिन इन दोनों के अलावा अमिलिया केर (02) के जल्दी-जल्दी आउट हो जाने से मुंबई का स्कोर चार विकेट पर 82 रन हो गया। हरमनप्रीत और अमनजोत ने यहीं से पांचवें विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी की। हरमनप्रीत ने अपनी पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया जबकि अमनजोत की पारी में दो छक्के और इतने ही चौके शामिल हैं। जी कमलिनी 11 रन बनाकर नाबाद रही।

इससे पहले शानदार फॉर्म में चल रही मंधाना ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत की और अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया। वह हालांकि अपनी पारी लंबी नहीं खींच पाई और उनके आउट होते ही आरसीबी का शीर्ष क्रम लड़खड़ा गया।

Advertisement

मंधाना के साथ पारी की शुरुआत करने वाली डैनी व्हाइट हॉज (09), राघवी बिष्ट (01) और कनिका आहूजा (03) भी पेवेलियन लौट गई। पेरी ने यहीं से जिम्मेदारी संभाली और रिचा के साथ पांचवें विकेट के लिए 62 रन की उपयोगी साझेदारी की। रिचा ने अमनजोत की गेंद पर बोल्ड होने से पहले अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। अमनजोत ने पारी के अंतिम ओवर में पेरी को भी आउट किया।

इसे भी पढ़ें: भारत के खिलाफ जहर उगलने वाले शाहिद अफरीदी के बदले तेवर, मैच से पहले ही सरेंडर! इस बयान से पाकिस्तान में खलबली

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 21 February 2025 at 23:35 IST