अपडेटेड 07:16 IST, February 3rd 2025
Abhishek Sharma: वानखेड़े में शर्मा जी के बेटे ने मचाया तहलका, अंग्रेजों की धज्जियां उड़ाते हुए तोड़े 5 रिकॉर्ड्स
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए।

India vs England 5th T20I: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में रविवार को अभिषेक शर्मा नाम का एक तूफान आया, जिसने इंग्लैंड को बर्बाद कर दिया। भारत तो छोड़िए, 5वें मैच में इंग्लिश टीम अभिषेक से 37 रन से हार गई। सूर्या एंड कंपनी ने पांच मैचों की सीरीज पर 4-1 से कब्जा जमाया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में बॉलीवुड से लेकर राजनीति जगत की कई हस्तियां मौजूद थी, लेकिन भारत को इसी बीच अभिषेक शर्मा नाम का एक नया सुपरस्टार मिल गया।
बाएं हाथ के धाकड़ ओपनर ने इंग्लैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। अभिषेक शर्मा ने 54 गेंदों का सामना किया और 250.00 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 135 रन बनाए। ऐसा नहीं था कि दूसरी छोर से विकेट नहीं गिर रहे थे, लेकिन पिटाई इतनी ज्यादा हो रही थी कि फैंस का ध्यान विकेट पर नहीं, बल्कि सिर्फ रन पर था। अभिषेक शर्मा की तूफानी शतक के दम पर टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 247 रन बना दिए।
अभिषेक शर्मा ने तोड़े कई रिकॉर्ड्स
135 रनों की तूफानी पारी के दौरान धांसू बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने कई बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। एक समय तो ऐसा लगा कि वो रोहित शर्मा को पीछे छोड़कर सबसे तेज शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे, लेकिन वो ये कारनामा करने से चूक गए। हालांकि, वानखेड़े स्टेडियम में शर्मा जी के बेटे ने कई रिकॉर्ड्स तोड़े जिसमें रोहित शर्मा का एक रिकॉर्ड भी शामिल है।
T20I में भारत के लिए सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर
अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ मैच में रनों की बारिश कर इतिहास रच दिया। वो अब भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड शुभमन गिल के नाम था जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 2023 में 126 रन बनाए थे। गिल ने ये कारनामा 1 फरवरी को किया था और उनके दोस्त अभिषेक ने 2 फरवरी को धांसू पारी खेलकर उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया।
T20I में तीसरा सबसे तेज शतक
अभिषेक शर्मा ने 37 गेंदों पर शतक ठोककर इतिहास रच दिया। हालांकि, वो टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज सेंचुरी जड़ने से दो गेंद दूर रह गए। ये रिकॉर्ड भारत के रोहित शर्मा और साउथ अफ्रीका के डेविड मिलर के नाम है, जिन्होंने 35 गेंदों पर शतक जड़कर सनसनी मचाई थी।
T20I में सबसे तेज शतक (पूर्ण सदस्य टीमों के बीच मैच)
- डेविड मिलर- 35 गेंद, बनाम बांग्लादेश
- रोहित शर्मा- 35 गेंद, बनाम श्रीलंका
- अभिषेक शर्मा- 37 गेंद, बनाम इंग्लैंड
- जॉनसन चार्ल्स- 39 गेंद, बनाम साउथ अफ्रीका
- संजू सैमसन- 40 गेंद, बनाम बांग्लादेश
एक T20I पारी में सबसे ज्यादा छक्के
इंग्लैंड के खिलाफ 5वें टी20 में अभिषेक शर्मा ने 135 रनों की ताबड़तोड़ पारी के दौरान 13 आसमानी छक्के लगाए। इसके साथ ही वो किसी T20I मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बन गए। इससे पहले ये रिकॉर्ड संजू सैमसन और रोहित शर्मा के नाम था। दोनों ने 10-10 छक्के जड़े थे।
सबसे कम ओवरों में शतक
बता दें कि अभिषेक शर्मा ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ हुए मैच में 10.1 ओवर में अपने शतक पूरा किया। इससे पहले ये रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक के नाम था। उन्होंने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में 10.2 ओवर में सेंचुरी ठोकी थी।
पब्लिश्ड 07:16 IST, February 3rd 2025