अपडेटेड 9 November 2024 at 13:09 IST

Tulsi Vivah 2024: 12 या 13 नवंबर, कब है तुलसी विवाह? यहां जानिए मुहूर्त, विधि और सबकुछ

Tulsi Vivah 2024: इस साल तुलसी विवाह किस तारीख को पड़ने वाला है आइए जानते हैं।

Follow : Google News Icon  
Tulsi Vivah 2024
तुलसी विवाह 2024 | Image: Freepik

Tulsi Vivah 2024 Date: हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे को धन की देवी मां लक्ष्मी का प्रतीक माना गया है। इसलिए सनातन दृष्टि से तुलसी का स्थान बेहद महत्वपूर्ण है। हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि पर तुलसी विवाह कराया जाता है। यह तुलसी पूजन करने जितना ही शुभ होता है।

इस दिन विशेष रूप से भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप से मां तुलसी का विवाह होता है। तुलसी विवाह कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि पर प्रदोष काल में सायंकाल में करवाया जाता है। हालांकि इस बार लोग तुलसी विवाह की तारीख को लेकर काफी कंफ्यूज्ड हैं। कुछ लोगों को लगता है कि तुलसी विवाह 12 नवंबर को है तो वहीं कुछ लोगों का मानना है कि तुलसी विवाह के लिए 13 नवंबर का दिन शुभ है। तो चलिए हम आपको बताते हैं कि आखिर कौन सी तिथि को तुलसी विवाह करना शुभ रहेगा। 

तुलसी विवाह 2024 की तिथि (Tulsi Vivah 2024 Date)

पंचांग के अनुसार, इस साल मंगलवार, 12 नवंबर 2024 को तुलसी विवाह कराया जाएगा। इस दिन देवउठनी एकादशी भी है। वहीं, कुछ जगहों पर कुछ जगहों पर बुधवार, 13 नवंबर 2024 को भी तुलसी विवाह किया जाएगा। ऐसे में आपको दोनों तिथियों के शुभ मुहूर्त के बारे में जान लेना चाहिए।

तुलसी विवाह 2024 मुहूर्त  (Tulsi Vivah 2024 Muhurat)

पंचांग के अनुसार कार्तिक माह में आने वाली शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि की शुरुआत 11 नवंबर को शाम 06 बजकर 46 मिनट से होगी। इसका समापन 12 नवंबर को दोपहर बाद 04 बजकर 04 मिनट पर होगा। वहीं, कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि की शुरुआत 12 नवंबर को शाम 4 बजकर 04 मिनट से 13 नवंबर 2024 को दोपहर 1 बजकर 01 मिनट तक रहेगी। ऐसे में हम आपको एकादशी और द्वादशी दोनों तिथियों के अनुसार तुलसी विवाह का शुभ मुहूर्त बताने जा रहे हैं।

Advertisement

अगर आप एकादशी तिथि पर तुलसी विवाह करने वाले हैं तो इसके लिए शुभ मुहूर्त शाम 5 बजकर 29 मिनट से लेकर शाम 7 बजकर 53 मिनट तक रहेगा। वहीं, द्वादशी तिथि के लिए अमृत सर्वोत्तम मुहूर्त सुबह 8 बजकर 6 मिनट से 9 बजकर 26 मिनट तक और शुभ उत्तम सुबह 10 बजकर 46 मिनट से दोपहर 12 बजकर 5 मिनट तक रहेगा। इन मुहूर्तों और तिथियों के हिसाब से आप तुलसी विवाह कर सकते हैं।

तुलसी विवाह की पूजा विधि (Tulsi Vivah 2024 Puja Vidhi)

  • तुलसी विवाह कराने से पहले स्नान करके साफ और पीले रंग के कपड़े पहनें।
  • इसके बाद एक लकड़ी की चौकी स्थापित करें। जिसके ऊपर आपको लाल  रंग का साफ कपड़ा बिछाना है।
  • अब तुलसी के गमले को गेरूए रंग से रंगे फिर इसे चौकी के ऊपर स्थापित कर दें।
  • वहीं आप एक अन्य चौकी पर साफ व लाल रंग का कपड़ा बिछा लें।
  • अब इस पर भगवान शालिग्राम को स्थापित कर दें। दोनों चौकियों को एक दूसरे के पास में रखें।
  • दोनों के ऊपर गन्ने से मंडप सजाएं। इसके बाद आप एक साफ कलश में जल भरें और उसमें पांच या फिर सात आम के पत्ते डाल दें।
  • ध्यान रहे कि पानी से भरा ये कलश पूजा स्थल के पास ही होना चाहिए।
  • अब शालिग्राम भगवान और माता तुलसी के सामने दीपक जलाएं।
  • फिर दोनों को रोली या कुमकुम से तिलक करें। इस दौरान तुलसी माता को लाल रंग की चुनरी चढ़ाएं।
  • माता को चूड़ी, बिंदी, सिंदूर समेत श्रृंगार की सभी चीजें अर्पित करें।
  • इसके बाद सावधानी से चौकी समेत शालिग्राम जी को हाथों में लेकर तुलसी की सात परिक्रमा कराएं।
  • फिर दोनों की आरती करें। अंत में सुख सौभाग्य की कामना करते हुए फूल का छिड़काव करें और प्रसाद का वितरण करें।

ये भी पढ़ें: Gopashtami 2024: गोपाष्टमी आज, जरूर करें ये आरती; मिलेगा भगवान कृष्ण का आशीर्वाद

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ अलग-अलग सूचना और मान्यताओं पर आधारित है। REPUBLIC BHARAT इस आर्टिकल में दी गई किसी भी जानकारी की सत्‍यता और प्रमाणिकता का दावा नहीं करता है।

Published By : Kajal .

पब्लिश्ड 9 November 2024 at 13:09 IST