अपडेटेड 18 February 2026 at 23:49 IST

Chardham Yatra 2026: इस दिन से शुरू हो रही पवित्र चारधाम यात्रा, रजिस्ट्रेशन के लिए देना होगा शुल्क; जानें पूरी प्रक्रिया

Chardham Yatra 2026: चारधाम यात्रा 19 अप्रैल 2026 से शुरू होगी। फर्जी पंजीकरण रोकने के लिए सरकार ने पहली बार रजिस्ट्रेशन शुल्क अनिवार्य किया है। यात्री वेबसाइट, ऐप या व्हाट्सएप के जरिए पंजीकरण कर सकते हैं।

Chardham Yatra 2026 Registration
Chardham Yatra 2026 Registration | Image: ANI

Chardham Yatra 2026: उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। चारधाम यात्रा 19 अप्रैल 2026 से शुरू होने जा रही है। इस बार यात्रा व्यवस्था में एक बड़ा बदलाव किया गया है, जिसमें पहले अब ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है और रजिस्ट्रेशन करते समय शुल्क भी देना पड़ेगा। 

राज्य सरकार ने फर्जी पंजीकरणों पर लगाम लगाने और वास्तविक यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रजिस्ट्रेशन पर शुल्क लगाने का निर्णय लिया है।

कपाट खुलने की महत्वपूर्ण तिथियां

चारों धामों के कपाट खुलने का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। जिसमें 19 अप्रैल 2026 को गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम के कपाट खुलेंगे। वहीं, 22 अप्रैल 2026 को केदारनाथ धाम के और 23 अप्रैल 2026 को बदरीनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे।

रजिस्ट्रेशन पर शुल्क क्यों?

पिछले कुछ वर्षों में देखा गया कि कई लोग या एजेंट बड़ी संख्या में फर्जी रजिस्ट्रेशन कर लेते थे, जिससे वास्तविक श्रद्धालुओं को स्लॉट नहीं मिल पाते थे। इसी समस्या को देखते हुए सरकार ने शुल्क आधारित व्यवस्था लागू की है। शुल्क की सटीक राशि गढ़वाल मंडल के अपर आयुक्त की अध्यक्षता वाली समिति द्वारा जल्द ही घोषित की जाएगी।

Advertisement

रजिस्ट्रेशन के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्स

रजिस्ट्रेशन के लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई एक पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और सक्रिय मोबाइल नंबर/ईमेल आईडी होना अनिवार्य है।

पंजीकरण के विभिन्न माध्यम 

यात्री अपनी सुविधा के अनुसार नीचे दिए गए किसी भी तरीके से पंजीकरण कर सकते हैं-

Advertisement

वेबसाइट: आधिकारिक पोर्टल registrationandtouristcare.uk.gov.in पर जाकर।

मोबाइल ऐप: 'Tourist Care Uttarakhand' ऐप (Android और iOS) के माध्यम से।

WhatsApp: नंबर 8394833833 पर "Yatra" लिखकर भेजें।

हेल्पलाइन: तकनीकी सहायता के लिए 0135-1364 पर संपर्क करें।

ऑफलाइन काउंटर: हरिद्वार, ऋषिकेश, सोनप्रयाग, बड़कोट और जोशीमठ में पंजीकरण केंद्र (रजिस्ट्रेशन सेंटर) बनाए गए हैं।

कैसे करें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन? 

  • पोर्टल पर अकाउंट बनाकर लॉग-इन करें।
  • अपनी यात्रा की योजना, तिथि और सदस्यों की संख्या दर्ज करें।
  • डॉक्यूमेंट्स अपलोड कर आवेदन सबमिट करें।
  • रजिस्ट्रेशन के बाद 'Yatra Registration Letter' जरूर डाउनलोड करें।
  • यह पत्र पूरी यात्रा के दौरान अपने पास रखना अनिवार्य होगा।

किन बातों का रखें ध्यान?

यात्रा के दौरान अपने साथ रजिस्ट्रेशन लेटर (प्रिंट या PDF) और मूल पहचान पत्र रखना अनिवार्य है। हर चेकपोस्ट और धाम के प्रवेश द्वार पर आपके QR Code को स्कैन किया जाएगा। बिना रजिस्ट्रेशन यात्रा करने वालों और अवैध वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें:  UP Jobs 2026: रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, यहां 98000 से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती, जानें पूरा प्रोसेस

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 18 February 2026 at 23:49 IST