Chardham Yatra 2026 Closing: तीन धामों के कपाट हुए बंद, 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ होगा यात्रा का समापन

उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। गंगोत्री (10 नवंबर), केदारनाथ और यमुनोत्री (11 नवंबर) धामों के कपाट विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद हो चुके हैं। अब 16 नवंबर को रात 9:37 बजे शुभ मुहूर्त में भगवान बदरीविशाल के कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की यात्रा का औपचारिक समापन हो जाएगा।

Chardham Yatra 2026: तीन धामों के कपाट हुए बंद, 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ होगा यात्रा का समापन
Chardham Yatra 2026: तीन धामों के कपाट हुए बंद, 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ होगा यात्रा का समापन | Image: Meta AI

उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद अब भू-वैकुंठ बदरीनाथ धाम की कपाटबंदी की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पारंपरिक पंच पूजा के आगाज के साथ ही धाम के कपाट बंद होने की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। तय मुहूर्त के अनुसार, आगामी 16 नवंबर की रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर भगवान बदरी विशाल के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।

श्रद्धालुओं की संख्या ने बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

साल 2026 की यात्रा आस्था और उत्साह के लिहाज से ऐतिहासिक रही है। अकेले बदरीनाथ धाम में इस वर्ष 22 लाख 70 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के बावजूद भक्तों का सैलाब लगातार धाम पहुंचता रहा। कपाट बंद होने के बाद अगले छह महीनों तक धाम में देवताओं द्वारा भगवान की पूजा-अर्चना की पौराणिक परंपरा निभाई जाएगी, जिस दौरान आम श्रद्धालु मुख्य मंदिर में दर्शन नहीं कर सकेंगे।

पंच पूजा का पांच दिवसीय धार्मिक विधान

वैदिक मान्यताओं के अनुसार, रावल अंबरनाथ नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल और वेदपाठियों की देखरेख में पांच दिवसीय पंच पूजा अनुष्ठान संपन्न हो रहे हैं। वेदपाठी डॉ. अमित बंदोलिया के अनुसार पूजा का क्रम इस प्रकार है:

पहला दिन (गुरुवार)- सुबह भगवान गणेश की मूर्ति को मुख्य गर्भगृह में विराजमान कर विशेष पूजा की गई और देर शाम गणेश मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
दूसरा दिन (शुक्रवार)- आदि केदारेश्वर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे।
तीसरा दिन (14 नवंबर, शनिवार)- वेद-पुराणों, वेद ऋचाओं और खड्ग-पुस्तक के वाचन की प्रक्रिया को विधिवत विराम दिया जाएगा।
चौथा दिन (15 नवंबर, रविवार)- माता लक्ष्मी को विशेष कढ़ाई भोग अर्पित किया जाएगा और रावल द्वारा उन्हें गर्भगृह में भगवान नारायण के साथ विराजमान होने का निमंत्रण दिया जाएगा।
पांचवां दिन (16 नवंबर, सोमवार)- माता लक्ष्मी को गर्भगृह में विराजमान कराने के बाद रात्रि 9:37 बजे भगवान बदरी विशाल के कपाट बंद कर दिए जाएंगे।

Advertisement

शीतकालीन प्रवास पर रवाना होंगी देव डोलियां

कपाटबंदी के अगले दिन यानी मंगलवार 17 नवंबर को भगवान के प्रतिनिधि उद्धव जी, कुबेर जी, गरुड़ जी और आदि गुरु शंकराचार्य जी की पवित्र गद्दी अपने शीतकालीन प्रवास के लिए प्रस्थान करेगी। शीतकाल के दौरान श्रद्धालु उद्धव जी और कुबेर जी के दर्शन पांडुकेश्वर में, जबकि शंकराचार्य जी की गद्दी के दर्शन ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर में कर सकेंगे। इसी के साथ वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा का विधिवत समापन हो जाएगा।

ये भी पढ़ें - 'महाभारत' फेम नीतीश भारद्वाज का फूटा गुस्सा...नमित मल्होत्रा की 'रामायण' को बताया 'मसाला फिल्म', युवाओं को दी चेतावनी
 

Advertisement
Published By:
 Aarya Pandey
पब्लिश्ड