अपडेटेड 18 July 2025 at 17:31 IST
टीएमसी सरकार बंगाल के विकास के आगे दीवार बनकर खड़ी, BJP परिवर्तन लाएगी- दुर्गापुर में पीएम मोदी की दहाड़
पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया में विकसित भारत के संकल्प की चर्चा है इसके पीछे भारत में दिख रहे वो बदलाव हैं जिन पर विकसित भारत की इमारत का निर्माण हो रहा है। इन बदलावों का एक बड़ा पहलू भारत का इंफ्रास्ट्रक्चर है। इसमें सोशल, फिजिकल और डिजिटल हर प्रकार का इंफ्रास्ट्रक्चर है।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 3 min read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में 5000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस मौके पर पीएम ने एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, दुर्गापुर स्टील सिटी होने के साथ ही भारत की श्रम शक्ति का भी बड़ा केंद्र है। भारत के विकास में दुर्गापुर की बहुत बड़ी भूमिका है। आज इसी भूमिका को और मजबूत करने का अवसर हमें मिला है। आज यहां 5400 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। ये परियोजनाएं यहां कि कनेक्टिविटी को सशक्त करेंगी। यहां गैस बेस्ड इकोनॉमी को बल मिलेगा। ये परियोजनाएं 'मेक इन इंडिया, मेक फॉर वर्ल्ड' के मंत्र के साथ पश्चिम बंगाल के आगे बढ़ने में मदद करेंगी।
पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया में विकसित भारत के संकल्प की चर्चा है इसके पीछे भारत में दिख रहे वो बदलाव हैं जिन पर विकसित भारत की इमारत का निर्माण हो रहा है। इन बदलावों का एक बड़ा पहलू भारत का इंफ्रास्ट्रक्चर है। इसमें सोशल, फिजिकल और डिजिटल हर प्रकार का इंफ्रास्ट्रक्चर है।
टीएमसी की सरकार जाएगी, तभी असली परिवर्तन आएगा- PM मोदी
टीएमसी सरकार, बंगाल के विकास के आगे दीवार बनकर खड़ी है। जिस दिन टीएमसी सरकार की ये दीवार गिरेगी, उसी दिन से बंगाल विकास की नई तेजी पकड़ लेगा। टीएमसी की सरकार जाएगी, तभी असली परिवर्तन आएगा।
Advertisement
भाजपा एक विकसित पश्चिम बंगाल का निर्माण करना चाहती है- PM मोदी
दुर्गापुर में रैली को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि कुछ देर पहले 5400 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। भाजपा ने पश्चिम बंगाल के लिए बड़े सपने देखे हैं। भाजपा एक समृद्ध पश्चिम बंगाल बनाना चाहती है। भाजपा एक विकसित पश्चिम बंगाल का निर्माण करना चाहती है। ये सारी परियोजनाएं इस सपने को साकार करने का हमारा विनम्र प्रयास है।
Advertisement
बंगाल बदलाव चाहता है बंगाल विकास चाहता है- PM मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज यहां नए उद्योग लगने की बजाय जो है उसको भी ताले लग रहे हैं। हमें बंगाल को इस बुरे दौर से बाहर निकालना है। आज जो परियोजनाएं शुरू हुई हैं वो इसी का प्रतीक हैं। बंगाल बदलाव चाहता है। बंगाल विकास चाहता है। लोग यहां देशभर से रोजगार के लिए आते थे, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह उलट गई। आज पश्चिम बंगाल का नौजवान, पलायन के लिए मजबूर है। छोटे-छोटे काम के लिए भी उसे दूसरे राज्यों की तरफ जाना पड़ रहा है। मैं आज आपको ये यकीन दिलाने आया हूं कि बंगाल की बदहाल स्थिति को बदला जा सकता है। भाजपा की सरकार आने के बाद, सिर्फ कुछ ही वर्षों में बंगाल देश के शीर्ष औद्योगिक राज्यों में से एक बन सकता है। यह मेरा दृढ़ विश्वास है।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 18 July 2025 at 17:31 IST