'सैनिकों का हौसला हर चुनौती से बड़ा था...', PM मोदी ने 'मन की बात' में कारगिल विजय दिवस पर शूरवीरों के पराक्रम को किया याद
PM Modi Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन की शुरूआत कारगिल दिवस के मौके पर शहीदों को याद कर की।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 2 min read

Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 'मन की बात' के 136वें एपिसोड के जरिये लोगों से रूबरू हुए। उन्होंने कारगिल दिवस के मौके पर शहीदों को याद किया। साथ ही कठिन परिस्थितियों में बहादुर सैनिकों के असाधारण साहस और समर्पण को सैल्यूट किया।
पीएम मोदी ने कहा, 'हमारे जीवन में कुछ तारीखें ऐसी होती हैं जिन्हें याद रखने के लिए कलेंडर देखनी की जरूरत नहीं पड़ती। आज 26 जुलाई ऐसी ही एक तारीख है। आज कारगिल विजय दिवस है। यह दिन हमें गर्व से भर देता है।'
वीर जवानों का हौसला हर चुनौती से बड़ा था- PM
उन्होंने कहा कि यह दिन हमें अपने वीर जवानों के अद्भुत साहस की याद दिलाता है। कारगिल की ऊंची-ऊंची चोटियां, कठिन मौसम और दुश्मन की चुनौतियां... हर परिस्थिति हमारे सैनिकों के सामने थी, लेकिन उनका हौसला हर चुनौती से बड़ा था। उन्होंने मां भारती की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया। आज कारिगल विजय दिवस पर मैं सभी वीर शहीदों और वीर सैनिकों को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं।
शौर्य विजय यात्रा का जिक्र कर क्या बोले?
इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री ने आगे हाल ही में एक मोटरसाइकिल यात्रा का जिक्र करते हुए कहा, 'आज का भारत अपने वीरों को सिर्फ याद ही नहीं करता, बल्कि नई पीढ़ी तक उनकी गाथा भी पहुंचाता है। इसी भावना से इस वर्ष एक विशेष शौर्य विजय यात्रा निकाली गई। 14 जुलाई को दिल्ली के नेशनल वॉर मेमोरियल से शुरू हुई मोटरसाइकिल यात्रा द्रास के कारगिल वॉर मेमोरियल तक पहुंची। इसका संदेश है- 'वन राइड, वन नेशन, वन सैल्यूट'। यह यात्रा हमें याद दिलाती है कि राष्ट्र के लिए दिया गया बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।'
Advertisement
भारतीय सेना का ‘ऑपरेशन विजय’
बता दें कि आज, 26 जुलाई का दिन 1999 की उस ऐतिहासिक जीत की याद दिलाता है, जब भारतीय सैनिकों ने बर्फ से ढकी ऊंची चोटियों और पाकिस्तानी सैनिकों की लगातार गोलीबारी का सामना करते हुए कारगिल की चोटियों पर दोबारा कब्जा किया था। करीब दो महीने चले इस भीषण युद्ध में 500 से अधिक वीर जवानों ने अपने प्राण देश के लिए न्योछावर कर दिया था। वहीं, 26 जुलाई 1999 को भारत ने 'टाइगर हिल' समेत सभी चोटियों पर तिरंगा फहराकर अपनी ऐतिहासिक जीत का परचम लहराया।
यह भी पढ़ें: 'हमारे लिए पद से बड़ा देश, युवा पीढ़ी और छात्र...', धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अमित शाह ने दिया बड़ा बयान