सफेद कुर्ता-पायजामा और कंधे पर खादी... गांधी जयंती के मौके पर गांधी स्मृति में आयोजित प्रार्थना सभा में PM मोदी ने की शिरकत, VIDEO
गांधी जंयती के मौके पर पीएम मोदी ने गांधी स्मृति में आयोजित प्रार्थना सभा में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की और सत्य, शांति और अहिंसा के उनके आदर्शों का सम्मान किया।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 2 min read

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के मौके पर गांधी स्मृति में आयोजित प्रार्थना सभा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बापू को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
दरअसल, पीएम मोदी ने गांधी स्मृति और दर्शन समिति द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस समारोह के दौरान प्रधानमंत्री एक विशिष्ट और पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। उन्होंने सफेद रंग का कुर्ता और पायजामा पहना था, जिसके ऊपर उन्होंने एक जैकेट भी पहनी थी। इस पोशाक के साथ उन्होंने अपने कंधे पर खादी का अंगोछा भी ओढ़ा हुआ था।
सीपी राधाकृष्णन भी कार्यक्रम में शामिल
इस कार्यक्रम में दौरान पीएम मोदी के अलावा उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी शामिल हुए। उन्होंने गांधी स्मृति में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी अहम भूमिका तथा सद्भाव और सामाजिक उत्थान के उनके सार्वभौमिक संदेश को याद किया।
स्कूली छात्रों ने गाए देशभक्ति गीत
इस समारोह में स्कूली छात्रों समेत कलाकारों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। इस दौरान 'दे दी हमें आजादी बिना खड्ग बिना ढाल, साबरमती के संत तूने कर दिया कमाल' जैसे गीत भी गाए गए।
Advertisement
बच्चों से मिले पीएम मोदी-राहुल गांधी
वहीं संविधान सदन में भी सत्ता पक्ष और विपक्ष ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को भी आमंत्रित किया गया था। इस दौरान पीएम मोदी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने बच्चों से बातचीत की। प्रधानमंत्री ने छात्रों के एक ग्रुप के पास पहुंचकर उनसे हालचाल जाना। जबकि राहुल गांधी ने एक बच्ची को अपने पास बिठाकर अपने मोबाइल में कुछ दिखाया। इस पर दोनों हंसते हुए नजर आए। इससे पहले सभी नेताओं ने महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट पर श्रद्धांजलि दी।