Pariksha Pe Charcha: चाय वाले को चाय? किसी ने दिखाया हुनर, तो किसी ने भेंट किया उपहार... बच्चों का प्यार पाकर गदगद हुए PM मोदी
'परीक्षा पे चर्चा' के दौरान बच्चों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कई तोहफे भेंट किए। इसमें से एक भेंट ने पीएम मोदी को खासा आकर्षित किया। बच्चों का प्यार पाकर उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 2 min read

Pariksha Pe Charcha 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 6 फरवरी को 'परीक्षा पे चर्चा' के 9वें सीजन में स्टूडेंट्स से कई मुद्दों पर बातचीत की। इस दौरान वो बच्चों से घुल-मिल गए। इस दौरान बच्चों ने PM को अपना हुनर भी दिखाया। साथ ही अलग-अलग उपहार भी भेंट किए।
पीएम मोदी ने छात्रों से संवाद कर उन्हें एग्जाम स्ट्रेस से निपटने के टिप्स दिए। इस दौरान उन्होंने बच्चों द्वारा पूछे गए सभी सवालों के जवाब भी दिए। संवाद के बीच-बीच में बच्चों ने प्रधानमंत्री को कविता सुनाई। अंत में एक बच्चे ने अपनी बांसुरी बजाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। इसी के साथ वहां मौजूद अन्य बच्चों ने अपने-अपने हाथों से अलग-अलग चीजें बनाकर पीएम मोदी को गिफ्ट के रूप में दी।
चाय वाले को चाय- ऐसा क्यों बोले पीएम मोदी?
मगर एक बच्ची की भेंट ने प्रधानमंत्री का खासा दिल छुआ। एक छात्र ने असम की चाय दी, जिस पर पीएम मोदी ने कहा- 'वाह! चाय वाले को चाय।'
अधूरे मन से की गई पढ़ाई सफल नहीं- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने छात्रों को टिप्स देते हुए कहा कि शिक्षा बोझ नहीं होनी चाहिए। हमें इसमें पूरी तरह शामिल होना चाहिए। आधे-अधूरे मन से की गई पढ़ाई जीवन को सफल नहीं बनाती। हमें सिर्फ मार्क्स पर नहीं बल्कि जीवन को बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए।
Advertisement
लाइफ स्किल्स और प्रोफेशनल स्किल्स दोनों जरूरी- PM
उन्होंने छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ स्किल्स पर भी ध्यान देने की सलाह दी। पीएम ने कहा, 'ज़िंदगी में हर चीज में संतुलन होना चाहिए। अगर आप एक तरफ ज्यादा झुकेंगे, तो आप गिर जाएंगे। लाइफ स्किल्स और प्रोफेशनल स्किल्स दोनों बराबर जरूरी हैं और इन्हें सिर्फ शिक्षा से ही सीखा जा सकता है।
'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम शिक्षा मंत्रालय की पहल
बता दें कि 'परीक्षा पे चर्चा' शिक्षा मंत्रालय की एक पहल है, जिसके जरिये पीएम मोदी छात्रों से सीधा जुड़ते हैं और संवाद करते हैं। हर साल इस कार्यक्रम का आयोजन राजधानी दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में होता था। लेकिन इस बार ये दिल्ली के सात लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास पर हुआ।