असम, अरुणाचल, बंगाल, यूपी के ताबड़तोड़ दौरा करेंगे पीएम मोदी, विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

पीएमओ के अनुसार, प्रधानमंत्री शुक्रवार रात को असम पहुंच जाएंगे और अगले दिन शनिवार की सुबह काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का दौरा करेंगे।

PM Modi
पीएम मोदी | Image: PM Modi @X

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस सप्ताहांत असम, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे और इस दौरान कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे तथा करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यस करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने शुक्रवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

पीएमओ के अनुसार, प्रधानमंत्री शुक्रवार रात को असम पहुंच जाएंगे और अगले दिन शनिवार की सुबह काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का दौरा करेंगे।
यहां से प्रधानमंत्री अरुणाचल के ईटानगर के लिए रवाना होंगे, जहां वह ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर पूर्व’ कार्यक्रम में भाग लेंगे। वह सेला सुरंग राष्ट्र को समर्पित करेंगे और लगभग 10,000 करोड़ रुपये की उन्नति योजना की शुरुआत भी करेंगे।

विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मणिपुर, मेघालय, नगालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में लगभग 55,600 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।

Advertisement

लाचित बोरफुकन की प्रतिमा का अनावरण करेंगे पीएम

इसके बाद प्रधानमंत्री दोपहर करीब सवा बारह बजे असम के जोरहाट में प्रसिद्ध अहोम सेनापति लाचित बोरफुकन की भव्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे। वह जोरहाट में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भी भाग लेंगे और असम में 17,500 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, समर्पण और आधारशिला रखेंगे।

Advertisement

बंगाल को 4500 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात

इसके बाद, प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी की यात्रा करेंगे और लगभग 3:45 बजे एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगे। वह पश्चिम बंगाल में लगभग 4,500 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

यूपी को 42000 करोड़ की सौगात देंगे पीएम मोदी

यहां से शाम करीब सात बजे प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचेंगे और वहां काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन एवं पूजा करेंगे।
अगले दिन 10 मार्च को दोपहर लगभग 12 बजे प्रधानमंत्री एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगे, जहां वे उत्तर प्रदेश में 42,000 करोड़ रुपये से अधिक की अनेक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

महतारी वंदना योजना की पहली किस्त जारी करेंगे पीएम

इसके बाद प्रधानमंत्री वीडियो कांफ्रेंस के जरिये छत्तीसगढ़ में महतारी वंदना योजना की पहली किस्त वितरित करेंगे। 

इसे भी पढ़ें: पीएम मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता, जनता कह रही अबकी बार 400 पार- शाहनवाज हुसैन

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By:
 Deepak Gupta
पब्लिश्ड