अपडेटेड 17 November 2024 at 19:24 IST
PM मोदी को नाइजीरिया का दूसरा सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार सम्मान, भारत के लोगों को किया समर्पित
प्रधानमंत्री के रविवार को नाइजीरिया पहुंचने पर मंत्री न्येसोम एजेनवो वाइक ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने प्रधानमंत्री को अबुजा शहर की 'चाबी' भेंट की।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 2 min read

नाइजीरिया ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश के दूसरे सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार 'ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर' से सम्मानित किया, जिसके साथ ही वह यह सम्मान पाने वाले दूसरे विदेशी गणमान्य व्यक्ति बन गए। मोदी ने पुरस्कार ग्रहण करने के बाद अपने बयान में कहा, 'नाइजीरिया द्वारा 'ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर' पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर मुझे बहुत गर्व है। मैं इसे बहुत विनम्रता से स्वीकार करता हूं और भारत के लोगों को समर्पित करता हूं।'
यह किसी देश द्वारा मोदी को दिया गया 17वां अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार है। मोदी से पहले महारानी एलिजाबेथ एकमात्र विदेशी गणमान्य व्यक्ति थीं, जिन्हें 1969 में 'ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर' से सम्मानित किया गया था। मोदी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण के तहत नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू के निमंत्रण पर नाइजीरिया में हैं। यह यात्रा 17 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की नाइजीरिया की पहली यात्रा है।
पीएम मोदी का नाइजीरियाई पीएम ने किया गर्मजोशी से स्वागत
प्रधानमंत्री के रविवार को नाइजीरिया पहुंचने पर मंत्री न्येसोम एजेनवो वाइक ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने प्रधानमंत्री को अबुजा शहर की 'चाबी' भेंट की। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'यह चाबी प्रधानमंत्री पर नाइजीरिया के लोगों के विश्वास और उनके प्रति सम्मान को प्रदर्शित करती है।' अबुजा से मोदी जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए ब्राजील जाएंगे। इसके बाद वह गुयाना की यात्रा करेंगे।
17 वर्षों के बाद किसी भारतीय पीएम की नाइजीरियाई यात्रा
पीएम नरेंद्र मोदी रविवार सुबह अबुजा पहुंचे। यह 17 वर्षों के अंतराल के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की नाइजीरिया की पहली यात्रा है। प्रधानमंत्री ने कहा, 'हम नाइजीरिया के साथ अपनी रणनीतिक साझेदारी को उच्च प्राथमिकता देते हैं...मुझे विश्वास है कि हमारी वार्ता के बाद हमारे संबंधों में एक नया अध्याय शुरू होगा।' मोदी ने लगभग 60,000 प्रवासी भारतीयों को भारत-नाइजीरिया संबंधों का एक प्रमुख स्तंभ बताया तथा उनका कल्याण सुनिश्चित करने के लिए टिनुबू को धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री ने यह घोषणा भी की कि भारत पिछले महीने बाढ़ से प्रभावित नाइजीरियाई लोगों के लिए 20 टन राहत सामग्री भेज रहा है।
Advertisement
Published By : Ravindra Singh
पब्लिश्ड 17 November 2024 at 19:24 IST