'जूझता रहूंगा, आपके लिए जूझता रहूंगा...', सिलीगुड़ी में PM मोदी की आंखों से छलक पड़े आंसू; कहा- मैं आपके लिए अपने आप को खपा दूंगा
पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को विशाल 'विजय संकल्प सभा' को संबोधित किया।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 2 min read

पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को विशाल 'विजय संकल्प सभा' को संबोधित किया। इस दौरान वो काफी भावुक नजर आए। प्रधानमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आपके लिए अपने आप को खपा दूंगा।
उन्होंने कहा कि आपका ये स्नेह, ये आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ऊर्जा और सबसे बड़ी प्रेरणा है। जब 140 करोड़ देशवासी, बंगाल का हर एक नागरिक मुझे इतना प्यार दे रहा है, इतना आशीर्वाद दे रहा है। तो मैं भी आपसे वादा करता हूं कि मैं भी आपके लिए अपने आप को हर पल खपा दूंगा। जियूंगा, तो आपके लिए जियूंगा, जूझता रहूंगा, तो आपके लिए जूझता रहूंगा।
TMC पर बोला हमला
प्रधानमंत्री ने कहा कि TMC की सरकार अपने 15 साल पूरे कर चुकी है। 15 साल में बर्बादी आपने देखी है। मैं यहां काफी नौजवानों को देख रहा हूं। इनमें से अधिकांश साथी 15 साल पहले शायद पहली कक्षा में पढ़ते होंगे और इस चुनाव में आप बंगाल का भविष्य तय करने जा रहे हैं, आप वोट करने जा रहे हैं। ये किसी के भी काम और करतूतों के मूल्यांकन का बहुत बड़ा समय होता है। लेकिन TMC ने काम नहीं किया, सिर्फ और सिर्फ काले कारनामे ही किए हैं।
उन्होंने आगे कहा कि सिलीगुड़ी नार्थ बंगाल का गेटवे है। लेकिन TMC ने नार्थ बंगाल के इंफ्रास्ट्रक्चर को जान-बूझकर पीछे रखा।आपको कनेक्टिविटी हो, इंडस्ट्री हो, टूरिज्म हो, हर सेक्टर में उपेक्षा ही मिली। केंद्र सरकार ने जो पैसा भेजा, वो भी ये सिंडिकेट वाले ही हजम कर गए।
Advertisement
'TMC की निर्मम सरकार...'
प्रधानमंत्री ने कहा कि नार्थ बंगाल से भेदभाव का उदाहरण TMC की निर्मम सरकार का बजट भी है। निर्मम सरकार ने, मदरसों के लिए करीब ₹6 हजार करोड़ का बजट दिया गया है। लेकिन इतने बड़े North Bengal के development के लिए बंगाल सरकार पर्याप्त बजट नहीं देती। TMC सिर्फ अपने खास vote-bank के तुष्टिकरण में ही लगी हुई है।
उन्होंने आगे कहा कि बंगाल की जनता TMC सरकार से पल-पल का, पाई-पाई का हिसाब मांग रही है। TMC वालों कान खोलकर सुन लो, 4 मई के बाद भाजपा सरकार बनेगी और TMC वालों को 15 साल का पल-पल का, पाई-पाई का हिसाब देना पड़ेगा।